श्रमिक हितों के संरक्षक व् भ्रष्टाचारियों के विरोधी के रूप में चर्चित रहे थे सूर्यनाथ बाबू
प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। आगामी 28 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में करगली के महिला मंडल (कल्याण मंडप) में जनता मजदूर संघ सीसीएल के पूर्व रीजनल सचिव स्व. सूर्यनाथ सिंह की 11वीं पुण्यतिथि तथा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा ट्रेड यूनियन नेताओं के आने की संभावना है।
ज्ञात हो कि स्वर्गीय सिंह एक ऐसा श्रमिक नेता थे, जो राष्ट्र हित, श्रमिक हित, कंपनी हित तथा भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध संघर्ष के लिए आजीवन कृत संकल्पित रहे। वे सरल व विनम्र व्यवहार तथा सादगी पूर्ण रहन-सहन के लिए न सिर्फ बेरमो कोयलांचल बल्कि संपूर्ण सीसीएल और बीसीसीएल में उदाहरण दिए जाते थे। श्रमिक नेता स्वर्गीय सूर्यनाथ सिंह के बारे में एक कहावत कोयलांचल में कही जाती थी कि जिसका कोई सहारा या नाथ नहीं ऐसे मजदूरो का सहारा बन जाते थे सूर्यनाथ बाबू। वे बिना भेदभाव के काम करते थे और पीड़ितों के वाजिब हक दिलाकर ही दम लेते थे। वे न कभी झुके और न कभी बिके। वह बेदाग श्रमिक नेता रहे।
वे दिग्गज श्रमिक नेता व् संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे, राम सुंदर दास, समाजवादी नेता रामदास सिंह, बसावन सिंह, मिथिलेश कुमार सिन्हा और सूर्यदेव सिंह के यूनियनों में काम किये। हिंद मजदूर सभा बिहार और झारखंड के वे कई वर्षों तक प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। जनता पार्टी और भाजपा में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। आजीवन जनता मजदूर संघ सीसीएल रीजनल सचिव पद पर बने रहे।
स्वर्गीय सूर्यनाथ बाबू ने झाविमो के वरीय नेता के रूप में बेमिसाल कार्य किया। उनकी 11वीं पुण्य तिथि में कई जाने माने गणमान्य जनों के जुटने की संभावना है।
बताया जाता है उक्त अवसर पर डॉक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया है। सुप्रसिद्ध गायक चांदी पाठक और जयप्रकाश चौहान के टीम द्वारा भजन प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में इनमोसा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, श्रमिक नेता बैजनाथ सिंह, रवि सिंह उर्फ पिंटू सिंह, दिवंगत के पुत्रों नंदकुमार सिंह तथा अभय कुमार सिंह सहित संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेताओ की अहम भूमिका रहेगी।
![]()













Leave a Reply