Advertisement

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नोडल व् वरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक

जिला मुख्यहाल छपरा में 10 निर्धारित स्थलों पर दिया जा रहा प्रशिक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर ने 8 अक्टूबर को जिला समाहरणालय छपरा स्थित सभा कक्ष में विधानसभा चुनाव को लेकर गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, वरीय प्रभारी एवं सभी विधानसभा के आरओ के साथ बैठक की।

आयोजित बैठक में स्पष्ट आदेश दिया गया कि चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण में भाग लेना सभी के लिये अनिवार्य है। कोई भी पदाधिकारी या कर्मी अगर अनुपस्थित होंगे तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। केवल मेडिकल बोर्ड के माध्यम से छूट प्राप्त या विशेष परिस्थिति में जिला निर्वाचन पदाधिकारी की पूर्व अनुमति से ही किसी भी पदाधिकारी या कर्मी को छूट मिल सकती है।

जानकारी के अनुसार कार्मिक कोषांग के माध्यम से उपलब्ध कराए गये सभी कार्मिकों का 8 अक्टूबर से प्रथम प्रशिक्षण प्रारंभ हो चुका है। जिला मुख्यालय छपरा शहर में 10 निर्धारित प्रशिक्षण स्थलों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर ने स्पष्ट कहा कि प्रशिक्षण में सभी कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है। कोई भी कर्मी अगर प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाये गये तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल बोर्ड के रिपोर्ट के आधार पर अथवा विशेष परिस्थिति में जिला निर्वाचन पदाधिकारी की पूर्व अनुमति से ही किसी भी कर्मी को छूट मिल सकती है।

प्रशिक्षण के क्रम में पीओ की डायरी भरने के तरीके, ईवीएम को रेडी करने के तरीके आदि बिंदुओं पर बारीकी से जानकारी देने को कहा गया। ईवीएम का हैंड्स ऑन प्रशिक्षण भी सभी कर्मियों को दिया जा रहा है। ईवीएम कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि ईवीएम का फर्स्ट रैंडमाइजेशन आगामी 11 अक्टूबर को किया जायेगा, जिसमें ईवीएम को विधानसभा वार पृथक किया जायेगा। इसके बाद ईवीएम को विधानसभा वार निर्धारित डिस्पैच स्थल पर वज्रगृह में सुरक्षित रखा जायेगा।

कहा गया कि सभी डिस्पैच स्थल को अविलंब रेडी करने का निर्देश दिया गया है। वाहन कोषांग द्वारा विभिन्न श्रेणी के वाहनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता का आकलन किया गया है। सभी आरओ को 9 अक्टूबर तक वल्नेरेबिलिटी मैपिंग रिपोर्ट जमा करने को कहा गया। बैठक में कहा गया कि सोशल मीडिया पर अफवाहजनक/गलत एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर सतत निगरानी रखी जायेगी।

इसकी मोनिटरिंग के लिये अलग से सोशल मीडिया कोषांग क्रियाशील है। बैठक में उप विकास आयुक्त यतेन्द्र कुमार पाल, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, सभी कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारी एवं सभी निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *