Advertisement

अमलो रोड सेल कमिटी ने कोयला लिफ्टर के साथ की मारपीट, सुरक्षा की गुहार

आखिर कब तक कोयला कारोबारियों को होना पड़ेगा गुंडागर्दी का शिकार

अमलो में कोयला कारोबारी पर हमला, रोड सेल कमेटी पर आरोप

नंद कुमार सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के एएडीओसीएम (अमलो) परियोजना रोड सेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमलो (एएडीओसीएम) ढोरी क्षेत्रीय रोड सेल कमिटी पर कोयला लिफ्टर ने मारपीट, छिना-झपटी और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस संबंध में घुठियाटांड़ कॉलोनी रहिवासी 38 वर्षीय राहुल कुमार सिंह ने 11 सितंबर को बेरमो थाना प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपा है। थाना में दिए गये आवेदन में पीड़ित राहुल सिंह ने कहा है कि वे मेसर्स जय बजरंगवली ट्रेडर्स (प्रोपराइटर अभय कुमार सिंह) के अधीन स्पॉट ई-ऑक्शन से कोयला लिफ्टिंग का कार्य करते हैं। आरोप है कि पिछले 15 दिनों से रोड सेल कमिटी और प्रबंधन की ओर से 5900 रुपये प्रति टन की दर पर कोयला देने का दबाव बनाया जा रहा था। इंकार करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी। कहा गया कि इसकी लिखित शिकायत उन्होंने पहले भी प्रबंधन और प्रशासन को दी थी।

पीड़ित लिफ्टर राहुल सिंह का आरोप है कि 11 सितंबर को सुबह लगभग 9 बजे अमलो सेल ऑफिस में कमिटी के सैकड़ों समर्थक हथियार के साथ पहुंचे और बहस के दौरान लगभग 50 सेल समर्थकों ने उन पर एक साथ हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना सेल ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

आरोप है कि लिफ्टर के साथ मारपीट करने वालों में रोड सेल कमिटी के अध्यक्ष राजन साव, उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, समर सिंह, जयंती सिंह समेत कई ढोरी स्टाफ क्वार्टर और पिछरी के अन्य रहिवासियों के नाम शामिल किए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि अब कमिटी की ओर से आवेदन वापस लेने का भी दबाव बनाया जा रहा है।

पीड़ित ने थाना प्रभारी से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस हमले से अमलो रोड सेल इलाके में सनसनी मच गई है। कारोबारी जगत में गुस्सा है और कोयला कारोबारी खुलकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक कोयला कारोबारियों को गुंडागर्दी का शिकार होना पड़ेगा?

घटना के बावत अमलो लोकल सेल ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन साव ने कहा कि इस तरह का कोई मामला नहीं है। मारपीट का लगाया गया आरोप निराधार है। ढोरी के क्षेत्राधिकारी विक्रय राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें मारपीट की जानकारी मिली है। कहा कि उनका तबीयत भी खराब है, इस कारण वे कार्यालय नहीं जा रहे है। उन्होंने मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है।

क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) रंजय सिंहा मारपीट की किसी जानकारी होने से इंकार किया है। जबकि, एएडीओसीएम परियोजना पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मारपीट की उन्हें जानकारी नहीं है। घटना को लेकर बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने कहा कि आवेदन दोनों पक्षों का प्राप्त हुआ है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि दोषी किसी भी हाल में बक्शे नहीं जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *