Advertisement

सोनपुर मेला आयोजन को लेकर डीडीसी की अध्यक्षता में बैठक

बैठक में सात दिनों का हरिहरनाथ महोत्सव व् एक माह तक रामायण का मंचन की मांग

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के आयोजन को लेकर 6 सितंबर को सारण जिला के हद मे सोनपुर अनुमंडल कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित किया गया। बैठक में इस वर्ष सात दिनों का बाबा हरिहरनाथ महोत्सव एवं रामायण का मंचन पूरे एक माह तक करने की जोरदार मांग उठी।

सारण के उप विकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित सभी स्थानीय प्रतिनिधियों से एक -एक कर विगत अनुभवों के आधार पर फीडबैक तथा आगामी मेला के बेहतर आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव लिया गया। मेला अवधि में आयोजित होने वाले बाबा हरिहरनाथ महोत्सव को सात दिवसीय बनाने तथा रामायण का मंचन पूरे एक माह तक कराने का अनुरोध किया गया।

बैठक में आयोजित मेला में स्ट्रीट वेंडर के लिये अलग से जगह चिन्हित करने, स्ट्रीट लाइट एवं शौचालयों को दुरुस्त तथा व्यवस्थित करने, तोरण द्वार एवं पंडाल में एकरूपता रखने आदि जैसे सुझाव दिये गए। बैठक में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए हाथी व ऊंट सवारी की व्यवस्था कराने के लिए प्रयास का अनुरोध किया गया। शौचालय, लाइट एवं सफाई की व्यवस्था पर विशेष बल देने को कहा गया। मेला में आने वाले आम जनों के विश्राम के लिये भी बेसिक सुविधायुक्त समुचित व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया।

बैठक में मेला के दौरान आसपास के विभिन्न स्नान घाटों पर समुचित संख्या में शौचालय एवं इसकी पर्याप्त साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। बैठक में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बिजली, चिकित्सा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता आदि को लेकर सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।

मेला क्षेत्र की साफ-सफाई के लिए निविदा के माध्यम से सेक्टर वार एजेंसी का चयन किया जा चुका है। मेला क्षेत्र में अस्थाई पशु अस्पताल की व्यवस्था एवं ससमय पशु चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया गया। स्नान वाले नदी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग करने के लिए भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अभी से तैयारी करने को कहा गया।

बैठक में जिला सिविल सर्जन को मेला के दौरान सभी निर्धारित स्थलों पर मेडिकल कैम्प लगाने एवं चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा कहा गया। बैठक में अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ सागर दुलाल सिन्हा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता राधेश्याम कुमार मिश्रा, मेला आयोजन से जुड़े कमिटी के स्थानीय गणमान्य व्यक्ति अनुमण्डल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *