ईमानदारी से अपने शिक्षिकिए दायित्वों का करें निर्वहन-उपायुक्त
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय सभागार में बीते 2 सितंबर को शिक्षा विभाग बोकारो द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर कक्षा 6 से 8 तक के लिए नव चयनित सहायक आचार्यों (गणित एवं विज्ञान) को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार आदि उपस्थित थे।
आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 45 सहायक आचार्यों को उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया। बोकारो जिले में कुल 51 आचार्य चयनित किए गये हैं, जिनमें से 46 सहायक आचार्य को जिला स्तर पर एवं 5 को राज्य मुख्यालय रांची स्तर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया। एक सहायक आचार्य अनुपस्थित रहे।

इस अवसर पर नव चयनित आचार्यों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सर्वोच्च है। उन्होंने कहा कि मुख्यतः दो प्रोफेशन में ही साहब शब्द का इस्तेमाल होता है। जिसमें शिक्षक भी शामिल है। आम जन चिकित्सक को डॉक्टर साहब तथा शिक्षक को मास्टर साहब कहकर संबोधित करते हैं। इस गरीमा को बनाएं रखना है। कहा कि आप केवल बच्चों को पढ़ाएंगे ही नहीं, बल्कि उनका भविष्य भी गढ़ेंगे।
ईमानदारी और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए सेवा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि पूरी लगन और मेहनत से कार्य करें तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित है। उपायुक्त ने नव चयनित सभी सहायक आचार्य को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
मौके पर उपस्थित उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे तभी विकसित हो सकते हैं, जब उन्हें शिक्षा के साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आप सभी शिक्षक बच्चों के लिए आदर्श बनें। कक्षा में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा लेकर जाएं और बच्चों में आत्मविश्वास भरें। पढ़ाई के साथ खेल, कला, विज्ञान प्रयोग और अन्य गतिविधियों से उनका सर्वांगीण विकास करें।

दूसरी ओर नियुक्ति पत्र पाकर नव चयनित सहायक आचार्यों के चेहरे गर्व और खुशी से दमक उठे। कई शिक्षकों ने इसे अपने परिवार और समाज के सपनों की पूर्ति बताया। यह अवसर केवल नियुक्ति का ही नहीं, बल्कि नए दायित्व और नई उम्मीदों की शुरुआत का भी प्रतीक रहा।
मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) अतुल कुमार चौबे ने कहा कि इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। विशेषकर गणित और विज्ञान जैसे विषयों में बच्चों को बेहतर मार्ग दर्शन मिलेगा, जिससे उनकी बुनियाद मजबूत होगी। उन्होंने सभी नव नियुक्त सहायक आचार्यों को विभाग में योगदान करने की बात कही। साथ हीं कहा कि जल्द ही सभी शिक्षकों का विद्यालय में पदस्थापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।
![]()













Leave a Reply