दांतू के एनएच किनारे हंगरी होटल के बेसमेंट में छापेमारी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के सहायक आयुक्त उत्पाद उमाशंकर सिंह के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक उत्पाद बोकारो के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कसमार थाना क्षेत्र के दांतू गांव स्थित एन एच किनारे हंगरी होटल के बेसमेंट में छापेमारी की गई। छापामारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब एवं नकली शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त स्थान पर नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का संचालन कुंडौरी रहिवासी विनोद साव द्वारा किया जा रहा था। यहां अवैध तरीके से विभिन्न नामी ब्रांड की नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में बेचने की योजना बनाई जा रही थी।
बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग द्वारा स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गयी छापामारी में विभिन्न ब्रांड की शराब की पेटियां, बोतलें तथा बड़ी मात्रा में तैयार रंगीन शराब जप्त की गई। जब्त शराब में बी7 ब्रांड 375 एमएल का 21 केस, 180 एमएल का 3 केस, 750 एमएल का 8 केस, 8 पीएम ब्रांड 375 एमएल का 5 केस, 750 एमएल का एक केस, आइकॉनिक ब्रांड का 375 एमएल 28 केस, 180 एमएल 2 केस, 750 एमएल 2 केस, ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड 375 एमएल का 14 केस, 750 एमएल का 3 केस, मकडोवेल नंबर वन ब्रांड 375 एमएल का 17 केस, 750 एमएल का 3 केस, सिग्नेचर ब्रांड 375 एमएल का 10 केस, 180 एमएल का 10 केस, 750 एमएल का 5 केस, रॉयल चैलेंज ब्रांड 375 एमएल का 7 केस, 180 एमएल का 10 केस, 750 एमएल का एक केस, रॉयल स्टैग ब्रांड 375 एमएल का 4 केस, 180 एमएल का एक केस तथा 750 एमएल का 3 केस शामिल है। वहीं 16 जर्किन तैयार रंगीन शराब लगभग 800 लीटर बरामद किया गया। कुल जब्ती 158 पेटी, 4104 बोतल, 2212.64 लीटर।
बताया जाता है कि उपरोक्त होटल से शराब की पेटियों के अलावा, छापामारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें एवं कैरेमल (रंग मिलाने का रसायन) भी बरामद किए गए। यह सभी नकली विदेशी शराब बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री थी। पूरे मामले में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है। विभाग द्वारा आगे की जांच कर अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक उत्पाद बिजय कुमार पाल, अवर निरीक्षक सदर-सह-तेनुघाट सन्नी विवेक तिर्की, अवर निरीक्षक बेरमो-सह-चंदपुरा महेश दास, थाना प्रभारी कसमार भजन लाल महतो, विभागीय पुलिस बल व स्थानीय पुलिस बल के महिला-पुरुष जवान शामिल थे।
![]()













Leave a Reply