हमारी स्वतंत्रता हजारों शहीदों के बलिदानों का फल है-महाप्रबंधक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में बीते 15 अगस्त को आज़ादी का 79वाँ अमृत महोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय कुमार थे। महाप्रबंधक ने विद्यालय परिसर में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी।
जानकारी देते हुए विद्यालय के शिक्षक बी के दसौंधी तथा शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने भारतीय परंपरा का निर्वहन करते हुए तिलक लगाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम परेड का निरीक्षण किया, तत्पश्चात ध्वजारोहण कर आजादी के इस अमृत महोत्सव के साक्षी बने। यहां विद्यालय के चारों सदनों यथा दयानंद, अरविंदो, विवेकानंद तथा श्रद्धानंद हाउस ने उत्कृष्ट परेड प्रस्तुत कर झंडे को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने देेशभक्ति से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विद्यालय के कनीय शाखा के नन्हे-मुन्हों स्कूली बच्चों के नृत्य ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। झारखंड एवं उड़ीसा के लोक नृत्य ने भी दर्शकों की वाहवाही बटोरी। सेना के शौर्य का प्रतीक ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नृत्य नाटिका ने सभी दर्शकों को देशभक्ति की भावना से लबरेज कर दिया और सब में एक नया उत्साह भर दिया। यहां रंगारंग कार्यक्रमो ने ऐसा समां बांध दिया कि समूचा माहौल तिरंगे के रंगों में रंग गया।
विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने अपने स्वागत भाषण में महाप्रबंधक का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समस्त विद्यालय परिवार उनके आगमन से प्रफुल्लित है। उनके नेतृत्व एवं प्रेरणा से विद्यालय उत्तरोत्तर प्रगति करेगा एवं क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा।
यहाँ के विद्यार्थी सही मायनों में आजादी का अर्थ समझकर एक सच्चे देशभक्त और नागरिक बन विश्व पटल पर कथारा क्षेत्र का नाम रौशन करेंगे।महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि यह आज़ादी हमारे असंख्य शहीदों के बलिदानो की देन है। हमें इसकी रक्षा करनी होगी। साथ ही साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। महाप्रबंधक ने विद्यालय की उन्नति के लिए प्राचार्य को भी साधुवाद दिया।
समारोह में कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक के अतिरिक्त कई अन्य अतिथियों ने भी शिरकत की, जिनमें सीएसआर प्रबंधक चंदन कुमार, कथारा ओपी प्रभारी, समाजसेवी मोहम्मद फारूक, विनय कुमार सिंह, उगन गोप आदि प्रमुख थे। सभी सम्मानित अतिथियों को विद्यालय प्रबंधन ने शाॅल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विद्यालय के सीसीए विभाग ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। समस्त विद्यालय परिवार इस अवसर पर उपस्थित था और सब ने अपने-अपने सहयोग से समारोह को अविस्मरणीय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
![]()













Leave a Reply