Advertisement

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग का किया विस्तृत समीक्षा बैठक

सात दिनों के अंदर कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षक कमी का करें समाधान-डीसी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 14 अगस्त को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग, एमडीएम, समग्र शिक्षा के तहत जिले के सभी कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के वार्डन, सीआरपी, बीआरपी, बीईईओ एवं बीपीओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे उपस्थित थे। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय संचालन, छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही बैठक में माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, एमडीएम योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, समग्र शिक्षा अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।

बैठक में उपायुक्त झा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किया जाय। मध्याह्न भोजन योजना की नियमित मॉनिटरिंग, छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, अधूरा भवन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और शैक्षणिक सत्र के अनुसार गतिविधियों के क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समय पर उपस्थिति व कक्षाओं के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, जिले में चल रहे शैक्षणिक नवाचारों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष कार्यक्रम भी संचालित किए जाए।
बैठक में प्री मैट्रिक स्कालरशिप लेने हेतु कल्याण विभाग द्वारा विस्तृत प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी विद्यालयों में छात्रवृत्ति मंत्री बनाने का भी निर्देश दिया गया। इसके लिए एक सप्ताह के अंदर इसकी रिपोर्ट भेजने को कहा। उन्होंने आगे कहा कि सीएम स्कालरशिप में सभी विद्यालय को यह प्रमाण पत्र देना है कि उनके विद्यालय में सभी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि अगर जिन विद्यार्थियों के बैंक खाता उपलब्ध नहीं है तो वैसे विद्यार्थियों जो कक्षा एक से 8 तक के अभिभावकों के बैंक खाता में छात्रवृत्ति भेज सकते है, ताकि छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रख सकते है। साथ ही हर हाल में अगले माह सितम्बर तक सभी बच्चों को स्कूल ड्रेस का पैसा उनके खाता में चला जाना चाहिए, ताकि वो बच्चे स्कूल ड्रेस सिलवाकर अक्टूबर से लगातार पहनकर स्कूल आना अनिवार्य है।

पुस्तक वितरण के सम्बन्ध में उपायुक्त अजय नाथ झा ने आगामी 30 अगस्त तक सभी बीआरपी सभी अपने अपने क्षेत्रांतर्गत सभी विद्यालयों में घूमकर पुस्तक का डीटेल ले, फिर उक्त विद्यालय में ससमय पुस्तक उपलब्ध कराए। उन्होंने डीईओ को कहा कि सभी बीआरपी को हर हाल में 15 अगस्त को पिछला बकाया वेतन देने का निर्देश दिया। साथ ही डीईओ, डीएसई एवं अन्य जो भी विद्यालय भ्रमण करते है उसकी भ्रमण रिपोर्ट डीटेल भेजे, ताकि उन्हें जानकारी हो सके कि भ्रमण कर रहे है। साथ ही सभी बीआरपी एवं सीआरपी को विद्यालय भ्रमण करना अनिवार्य है।

उन्हें हर हाल में 20 स्कूलों का भ्रमण करना है। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के हर पंचायत में एक मॉर्डन विद्यालय बनाना अनिवार्य है, जिसके तहत उक्त विद्यालय में सभी सुविधा उपलब्ध हो। जिसमें बिजली, पीने योग्य शुद्ध जल, खेलकूद की व्यवस्था, पर्याप्त शिक्षक, विद्यालय में पर्याप्त कमरे, बच्चों के लिए साफ सुथरे शौचालय, स्मार्ट बोर्ड, कम्प्यूटर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो। उसकी सूची जल्द से जल्द उपलब्ध कराए। उपायुक्त ने सभी बीआरपी को निर्देश दिया कि जिले भर के जिस स्कूलों में जो भी समस्या है उसकी सूची आगामी 25 अगस्त तक दे, ताकि उक्त समस्या को दूर किया जा सके।

कहा कि एक पेड़, अपने मां के नाम कार्यक्रम के तहत आगामी 15 सितंबर तक सभी बच्चों को एक पेड़ लगाना है। साथ ही पेड़ लगाते हुए फोटो खींचकर अपलोड करना है। बैठक के दौरान जिले के सभी कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के वार्डन, सभी सीआरपी, सभी बीआरपी, सभी बीईईओ एवं सभी बीपीओ सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *