अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद मे सोनपुर रेल मंडल में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर सोनपुर रेलवे स्टेशन पर देश के विभाजन के दौरान हुए संघर्षों, बलिदानों और आजाद सेनानियों की स्मृति में एक चित्र प्रदर्शनी का भाव पूर्ण आयोजन किया गया।
इस मौके पर सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने अपने संबोधन में कहा कि विभाजन केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि लाखों देशवासियों की पीड़ा, संघर्ष और पुनर्निर्माण की कहानी है। हमें उनके बलिदानों को याद रखते हुए एक समावेशी और एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने समाज को स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत को हमेशा याद रखने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सरन के अलावा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को साझा किया गया और उन लाखों देश के वीर बलिदानियों को याद किया गया जिन्होंने इस कठिन समय के लिए स्वयं अपार कष्ट सहन किए।
कार्यक्रम के दौरान मौन श्रद्धांजलि दी गई और विभाजन से संबंधित चित्र प्रदर्शनी एवं दस्तावेजों का अवलोकन भी किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने इस दिन को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रतीक के रूप में मनाने की आवश्यकता पर बल दिया। रेलवे परिवार सोनपुर द्वारा इस आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि हम अपने इतिहास से सीखते हुए भविष्य की ओर बढ़ें, और उन पीड़ितों की स्मृति को सम्मानपूर्वक संजोए रखें।
![]()













Leave a Reply