Advertisement

स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, हमारे कर्तव्यों की पुनः स्मृति है-मंडल रेल प्रबंधक

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोनपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित रेल मंडल के सामुदायिक भवन परिसर में 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा वर्तमान में समाज एवं रेलवे सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया, इसके बाद स्काउट एवं गाइड, रोवर-रेंजर, रेलवे कर्मचारी एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने उपस्थित जनसमूह को भाव विभोर कर दिया। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के अवसर पर सम्मान समारोह के तहत स्वच्छता अभियान, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं रेलवे सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य जनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति – चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, यह हमारे कर्तव्यों की पुनः स्मृति है। उन्होंने कहा कि हमें अपने कार्यों से उस आज़ादी को जीवंत रखना है, जिसे हमारे पूर्वजों ने संघर्ष से प्राप्त किया है।

कार्यक्रम में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी, स्काउट-गाइड दल के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन का समापन सामूहिक राष्ट्रगान एवं हर घर तिरंगा अभियान के संदेश के साथ किया गया। यह आयोजन सोनपुर रेल मंडल की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं राष्ट्र प्रेम का प्रतीक बनकर उभरा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *