पदाधिकारी व् जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ बेहतर कार्य करें-डीडीसी
पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0 पर आधारित पुस्तक का विमोचन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के निर्देश पर 13 अगस्त को बोकारो जिला मुख्यालय कैंप टू स्थित न्याय सदन सभागार में पंचायत उन्नति सूचकांक विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार एवं जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मौके पर सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड प्रमुख व् अन्य उपस्थित थे।

कार्यशाला में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने संबंधित अधिकारियों को आगामी पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 में बेहतर परिणाम लाने के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्राम पंचायतों की क्षमता वृद्धि, सुशासन और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पदाधिकारी एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ जिले में बेहतर कार्य करने की बात कही।
डीडीसी मजूमदार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) एवं जन प्रतिनिधियों से बैंक, महिला समूह, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि महिला समूहों को उपलब्ध फंड का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा यह देखा जाए कि राशि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान दे रही है या नहीं। उन्होंने मनरेगा के सभी पैरामीटर में जहां पिछड़ापन है, वहां सुधार हेतु प्रखंड स्तर पर विशेष प्रयास करने और महिला मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यशाला में बोकारो जिले के पंचायत उन्नति सूचकांक 1.0 पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागीय पदाधिकारियों को पंचायत उन्नति सूचकांक के उद्देश्यों, मापदंडों एवं कार्यान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिले के उच्च प्रदर्शन करने वाले पंचायतों एवं प्रखंडों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यशाला में पंचायत उन्नति सूचकांक में अच्छे रैंक लाने वाले गोमिया प्रखंड के हद में ग्राम पंचायत हजारी, स्वांग उत्तरी, कोह इत्यादि पंचायत के मुखिया, संबंधित प्रमुख एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को उप विकास आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं कार्यशाला में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम एवं पंचायती राज विभाग रांची से आए मास्टर ट्रेनर कृष्ण चौधरी ने उपस्थित जनों को सूचकांक से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। मौके पर डीपीएम अभिषेक कुमार, जिला पंचायत कार्यालय के सभी कर्मी सहित दर्जनों जनप्रतिनिधिगं उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply