Advertisement

सोनपुर अंचल के दस पंचायतों की 41470 आबादी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित

अंचल के सात पंचायत पूर्णतः एवं तीन आंशिक रूप से शामिल

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सात पंचायत पूर्णतः बाढ़ प्रभावित है, जबकि तीन पंचायत आंशिक रूप से प्रभावित है। इन पंचायतों की 41470 आबादी बाढ़ प्रभावित हुई है।

सोनपुर के नए अंचलाधिकारी राजकुमार ने 11 अगस्त को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित इलाकों मे राहत सामग्री के रूप में पॉलीथिन सीट, फूड पैकेट आदि का वितरण किया जा रहा है। बाढ़ पीड़ितों के लिए रेलवे के सामुदायिक भवन में किचेन रसोई संचालित किया गया है, जिसमें वैसे बाढ़ पीड़ित या पशुओं के साथ यहां शरण लिए हुए परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आपात स्थिति के लिए एक बोट एवं एम्बुलेंस लगातार कार्यरत है, जबकि कल से एक और बोट संचालन किए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि सही ढंग से राहत सामग्री का वितरण सुनिश्चित हो इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

अंचल पदाधिकारी ने बताया कि सोनपुर अंचल के सबलपुर पूर्वी पंचायत, सबलपुर पश्चिमी पंचायत, सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत, सबलपुर उत्तरी पंचायत, राहर दियारा – नजरमीरा पंचायत, गंगाजल पंचायत, शाहपुर पंचायत में बीते 10 अगस्त के रिपोर्ट के अनुसार पूर्णतः बाढ़ प्रभावित है, जबकि कसमर पंचायत, भरपुरा पंचायत एवं रसूलपुर पंचायत आंशिक तौर पर बाढ़ प्रभावित है।

उन्होंने बताया कि विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार सोनपुर अंचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 75 नाव का परिचालन किया जा रहा है। कसमर पंचायत में बीते 8 अगस्त से ही नाव का परिचालन शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि अभी वे 9 अगस्त की रात में ही पद भार ग्रहण किए हैं, इसलिए इस मामले में उन्हें अधिक जानकारी नहीं है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने सबसे पहले राहत सामग्री वितरण की कमान संभाल ली। उपलब्धता के अनुसार राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है, ताकि कोई जरूरतमंद छूटे नहीं।

क्या कहते हैं बाढ़ प्रभावित गंगाजल पंचायत के मुखिया रामा शंकर प्रसाद राय

सोनपुर अंचल के पूर्णतः बाढ़ प्रभावित पंचायत गंगाजल के मुखिया रामा शंकर प्रसाद राय एवं पूर्व बीडीसी अशोक शर्मा ने बताया कि इस पंचायत की सौ फीसदी मक्का की फसलें, आलानी कद्दू, नेनुआ, कुंदरी के अलावा भिंडी की फसलें, बैंगन, मिर्ची और केला की फसलें बर्बाद हुई हैं। बड़का बगीचा, करम चक आदि ग्रामों में घर – घर पानी घुस गया है। गंगाजल टोला, परवेजा दियारा, छितर चक आदि मे करोड़ों रुपए मूल्य की फसलों को नुकसान पहुंचा है। मुखिया एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य ने प्रशासन से मांग किया कि जीआर का पैसा अविलंब सिस्टम पर लोड कर बाढ़ पीड़ितों के खाते में भेजना सुनिश्चित किया जाए।

सोनपुर विधायक डॉ रामानुज प्रसाद ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर सोनपुर विधान सभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाका को बाढ़ प्रभावित या आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। विधायक डॉ प्रसाद ने अपने प्रेषित पत्र में कहा है कि सोनपुर विधानसभा क्षेत्र का अधिकांश इलाका बाढ़ प्रभावित है, जिससे आमजनों का जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों की फसलें नष्ट होने से रहिवासियों के सामने भूखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों का लगातार दौरा कर रहा हूं।

बाढ़ पीड़ित भूखे-प्यासे बांध पर, रेलवे लाईन पर, सड़क किनारे एवं पेड़ के नीचे शरण लिए हैं। बाढ़ की विभीषिका से प्रभावित क्षेत्र के रहिवासी काफी परेशान हैं। बाढ़ प्रभावितों के बीच राहत सामग्री का वितरण नहीं होने के कारण रहिवासियों में सरकार एवं प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सब्जी के साथ-साथ खरीफ फसल भी नष्ट हो गया है। जिसका सर्वेक्षण कराकर पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति का मुआवजा राशि दी जाए।

साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में ध्वस्त मकानों का पारदर्शी तरीके से सर्वेक्षण कर पीड़ित परिवार को मुआवजा की राशि दी जाए। फसल क्षतिपूर्ति आकलन कर किसानों को मुआवजा तथा मवेशियों के चारा एवं इलाज का भी समुचित प्रबंधन कराते हुए सारण जिला के प्रभावित इलाके एवं सोनपुर विधानसभा क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित/आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कराने की उन्होंने मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *