Advertisement

सड़क हादसा में दो युवकों की मौत, एक गंभीर, विरोध में सड़क जाम

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चंदनकियारी मार्ग स्थित पकोड़ी मोड़ के समीप 9 अगस्त को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान अजित हांसदा और अमित हांसदा के रूप में हुई है, वहीं घायल युवक का नाम सनीचर हेंब्रम है। तीनों चंदनकियारी के बनगड़िया रहिवासी थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चास स्थित आईटीआई मोड़ की ओर जा रहे थे। इस दौरान पकोड़ी मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक का पहिया दो युवकों के सिर पर चढ़ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों ने तुरंत घायल को बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चंदनकियारी-चास मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन से सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जाम हटवाने का प्रयास की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *