प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद जिला उपायुक्त (डीसी) आदित्य रंजन, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने 9 अगस्त को संयुक्त रूप से पूजा अर्चना कर व् फीता काटकर बरवाअड्डा थाना के नए भवन का उद्घाटन किया।
ज्ञात हो कि, पुर्व में कृषि बाजार परिसर में संचालित बरवाअड्डा थाना को उदयपुर के जोड़ा पीपल क्षेत्र में स्थान्तरित कर दिया गया है। विश्व आदिवासी दिवस व श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना कर नए थाना भवन में प्रवेश किया गया।
झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सौजन्य से नवनिर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस नए मॉडल थाना भवन में आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय, महिला पुलिसकर्मियों के लिए पृथक एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा कार्यालय संचालन के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराया गया है। उदयपुर में नवनिर्मित बरवाअड्डा थाना भवन में थाना प्रभारी का कक्ष, वेटिंग हॉल, सहायता केंद्र, सिरिस्ता, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, महिला हाजत, पुरुष हाजत, सभागार, जवानों व पदाधिकारी के लिए रेस्ट रूम, किचन, बाथरूम, शौचालय, इंट्रोगेशन रूम, वायरलेस रूम, सीसीटीएनएस समेत अन्य सभी सुविधायों को ध्यान में रखने हुए निर्मित किया गया है।
नये थाना भवन के उद्घाटन के अवसर पर विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि विभिन्न कठिनाइयों व संसाधन के अभाव के बावजूद पुलिस जवान जनता की सेवा व सुरक्षा में अपना योगदान देते रहे हैं। डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि नया थाना भवन काफी सुविधाजनक है। उन्होंने हाईवे से थाना तक अप्रोच रोड के शीघ्र निर्माण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस पूरे मार्ग व आसपास के इलाकों में जल्द स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि नए भवन के माध्यम से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी व जनता के अनुकूल बनेगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में भी किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए थाना को और भी अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों व जवानों से अपील करते हुए जनता की सेवा व सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
उद्घाटन के अवसर पर उपरोक्त के अलावा डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी नौशाद आलम, एसडीपीओ निरसा रजत मणिक बाखला, डीएसपी ट्रैफिक अरविन्द सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार, बरवाअड्डा थाना प्रभारी रजनी कान्त समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व दर्जनों स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply