श्रद्धालुओं की श्रद्धा और भक्ति पर प्रशासन की पूर्ण आस्था-डीसी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। श्रावण माह के आखिरी सोमवारी के अवसर पर जिला के हद में चिरका धाम जाने वाले श्रद्धालुओं/कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए बोकारो जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 3 अगस्त को बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने चिरका धाम जाने वाले कांवड़िया पथ का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारीद्वय यात्रा मार्ग की क्रमवार साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, ट्रैफिक नियंत्रण, सहायता शिविर आदि का जायजा लिया। इस अवसर पर डीसी झा ने कहा कि, श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति पर प्रशासन की गहरी आस्था है। कांवड़ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से श्रावण माह के दौरान चिरका धाम यात्रा मार्ग पर जिला प्रशासन द्वारा सूचना एवं सहायता शिविर का लगाया जाएगा। इन शिविरों में श्रद्धालुओं को मार्ग-दर्शन, प्राथमिक चिकित्सा, खोया-पाया केंद्र, विश्राम स्थल जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इन शिविरों के सफल संचालन हेतु सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को नोडल विभाग के रूप में नामित किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियंत्रण को लेकर पूरी रूपरेखा तैयार की जाएगी। श्रद्धालुओं एवं आमजनों की सुरक्षा व् सहायता को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, रूट डायवर्जन, मोबाइल पेट्रोलिंग एवं सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आमजनों और कांवड़ियों को यातायात में कोई असुविधा नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान डीसी एवं एसपी ने चास जेल गेट स्थित डी-फोकस सेवा शिविर तथा पिंड्राजोरा पुलिस सहायता शिविर का निरीक्षण किया। इन शिविरों में कार्यरत शिविर प्रबंधनों/कार्यकर्ताओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही श्रद्धालुओं/कांवड़ियों को संबोधित किया। द्वय पदाधिकारियों ने शिविरों में कार्यरत कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सेवा भाव से कार्य करते रहने का आग्रह किया।
डीसी ने यात्रा आयोजन में संलग्न सभी स्वयंसेवी समितियों एवं धार्मिक संगठनों से श्रद्धापूर्वक सेवा करने की अपील की। साथ ही, विशेष रूप से उन्होंने कहा कि यात्रा के दूसरे दिन सड़क की सफाई जरूर सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन/वाहन चालकों/राहगिरों को कोई असुविधा नहीं हो। उन्होंने मौके पर ही नगर निगम चास के अपर नगर आयुक्त, चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) को सड़कों की सफाई व् कूड़ा निष्पादन आदि कार्यों को उच्च प्राथमिकता के तहत सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के अंत में डीसी झा ने कहा कि श्रावण माह की कांवड़ यात्रा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता का परिचायक भी है। प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा को अपने कर्तव्य का हिस्सा मानते हुए अगले वर्ष से सभी जरूरी कदम उठाएगी।
सावन की चौथी सोमवारी पर लाखों कांवरियों ने बाबा गौरीनाथ धाम चिड़का के लिए दामोदर नदी से उठाया जल
सावन की चौथी सोमवारी के अवसर पर आस्था का अद्भुतनजारा देखने को मिला जब लाखों श्रद्धालु कांवरियों ने बोकारो जिला के हद में बोकारो-धनबाद पथ पर तेलमच्चो दामोदर नदी घाट से जल उठाकर बाबा गौरीनाथ धाम चिड़का के लिए कूच किया। बोल बम के जयघोष से 3 अगस्त की संध्या पूरा इलाका गूंज उठा और नदी तट पूरी तरह केसरिया रंग में रंग गया।
ज्ञात हो कि, प्रति वर्ष की भांति इस बार भी सावन में बाबा गौरीनाथ धाम के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सावन भर चलने वाली यह धार्मिक यात्रा न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकजुटता का भी अद्भुत उदाहरण है। मौके पर युवा लायंस फोर्स के अध्यक्ष देव शर्मा के नेतृत्व में एक हजार से अधिक कांवरियों का जत्था ढोल-नगाड़े और आकर्षक झांकियों के साथ रवाना हुआ। शर्मा ने बताया कि लायंस फोर्स हर वर्ष बोल बम यात्रा का आयोजन के साथ कांवरियों की हर संभव सेवा करती है।
दूसरी ओर पुपुनकी घाट पर श्रद्धालुओं की सेवा में पूर्व मुखिया शिवलाल केवट, पिंटू नापित, निमाई खवास, दिलीप केवट, भागवत, रूपलाल महतो, सोमनाथ, शेखर मिश्रा, नरेश मिश्रा, बैद्यनाथ मिश्रा, श्यामानंद गोस्वामी, दुलाल गोप सहित सैकड़ों रहिवासी तन-मन से कांवरियों की सेवा में जुटे रहे। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए चास मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभायी।
![]()













Leave a Reply