जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में 18 मार्च को जिला मुख्यालय छपरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक की गयी।
आयोजित बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचन सूची का अंतिम प्रकाशन बीते 7 जनवरी को किया गया। अद्यतन मतदाता सूची में सारण जिला के कुल 3039 मतदान केंद्रों में 31 लाख 14 हजार 704 मतदाता शामिल हैं। इसमें महिला मतदाता की संख्या 14 लाख 99 हजार 438, पुरुष मतदाता की संख्या 16 लाख 15 हजार 253 तथा अन्य मतदाता की संख्या 13 है। अद्यतन मतदाता सूची का लिंगानुपात बढ़ कर 928 हो गया है। बताया गया कि बीते 7 जनवरी को प्रकाशित फाइनल सूची में लिंगानुपात 912 था। इस सूची में 18-19 आयु वर्ग के 36373 मतदाता शामिल हैं।
इस कैलेंडर वर्ष में निर्वाचन सूची में पंजीकरण के लिए 1 जनवरी के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर भी अर्हता तिथि निर्धारित है। अंतिम प्रकाशन के बाद भी मतदाता सूची के सतत अद्यतीकरण की प्रक्रिया जारी है। जिसके तहत कोई भी अर्हता प्राप्त व्यक्ति निर्वाचक सूची में परिवर्द्धन, विलोपन एवं संशोधन के लिए आवेदन कर सकता है।
बैठक में बताया गया कि सारण जिला में बीते वर्ष 15 दिसंबर 2024 से 17 मार्च 2025 की अवधि में 45554 फॉर्म-6, 23638 फॉर्म-7 तथा 18252 फॉर्म-8 प्राप्त किये गये हैं, जिनका निष्पादन किया गया है।
निर्वाचन सूची के सतत अद्यतीकरण प्रक्रिया के तहत अधिक से अधिक छूटी हुई महिलाओं एवं युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सभी राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से भी सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया गया। सभी राजनीतिक दलों को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply