Advertisement

झारखंड में वज्रपात से 6 लोगों की मौत

साभार/ रांची। वज्रपात की घटनाओं में झारखंड में बुधवार को दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं। इन घटनाओं में कुछ मवेशियों की भी मौत हुई है। घटनाएं रांची, गिरिडीह, दुमका, गोड्डा और देवघर की हैं। रांची के बुढ़मू क्षेत्र के अतकान में वज्रपात से 12 वर्षीय कुंदन मुंडा और अनगड़ा में राजाडेरा महुआढीपा के पास वज्रपात में नौ वर्षीय पूजा कुमारी की मौत हो गई।

वहीं गिरिडीह के सरिया थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में बुधवार शाम बूंदाबांदी के बीच हुए वज्रपात में गांव की गीता देवी (35) नाम की महिला की मौत हो गई। इधर देवघर के चितरा क्षेत्र के पलमा गांव में एक युवक शिवचरण मरांडी (35) की मौत हो गई, जबकि लखीश्वर सोरेन झुलस गए, जबकि जिले के रिखिया के बिहरोजी गांव में वज्रपात से राजेंद्र यादव के फूस के घर में आग लग गई। उधर दुमका के जामा थाना क्षेत्र के कठनारा गांव में वज्रपात से आदिवासी महिला फूलमनी मरांडी की मौत हो गई।

दूसरी ओर गोड्डा जिले में आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आकर सुंदरपहाड़ी में देवी पहाडिय़ा नामक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं बोकारो के चंदनकियारी के लंका गांव मसंजय कुमार महतो नामक युवक की बुधवार शाम वज्रपात से मौत हो गई। गोड्डा के सुंदरपहाड़ी, पोड़ैयाहाट और अमरपुर में कुछ मवेशियों की वज्रपात की चपेट में आकर जान चली गई। रांची के बुढ़मू के करंबा और अनगड़ा के पैका बरियाटोली गाव में भी कुछ मवेशियों की मौत की सूचना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *