Advertisement

वैशाली जिला प्रशासन द्वारा मोहर्रम शांतिपूर्वक मनाया जाए जाने की तैयारी

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली के जिला पदाधिकारी (डीएम) यशपाल मीणा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) हर किशोर राय ने मोहर्रम में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर 15 जुलाई को पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय सभा कक्ष में संयुक्त बैठक की।

बैठक में डीएम मीणा ने बताया कि इस वर्ष मोहर्रम 17 जुलाई को मनाया जाएगा, जो चंद्रमा के दृष्टिगोचर होने पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि पूरे जिला में मोहर्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने के लिए एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिए 700 से अधिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके लिए कुल 348 पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। हर एक पॉइंट पर एक मजिस्ट्रेट, एक पुलिस अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वाले और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मोहर्रम के दौरान डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि डीजे के उपयोग पर पूर्णतः रोक रहेगा।

सभी एसडीएम, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित कराएंगे कि किसी भी संगठन, व्यवस्थापक या संचालक द्वारा डीजे बजाते हुए पाए जाने पर संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी डीजे जब्त करते हुए एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित करेंगे।

कहा कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग का संबंधित थानाध्यक्ष, सीओ और बीडीओ द्वारा संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वैशाली जिले के चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी और ड्रोन की व्यवस्था की गई है। कोई भी असामाजिक तत्व गड़बड़ी कर प्रशासन की नजर से नहीं बच सकता है। प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने में थोड़ा भी नहीं हिचकेगा।

डीएम मीणा ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना जिला समाहरणालय सभागार हाजीपुर में की गई है। इसका दूरभाष क्रमांक-06224 – 260220 है। जिला नियंत्रण कक्ष 16 जुलाई से 18 जुलाई तक कार्यरत रहेगा।

मोहर्रम में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिला पदाधिकारी मीणा और पुलिस अधीक्षक राय द्वारा संयुक्त रूप से पातेपुर और महुआ में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च में एसडीम, एसडीपीओ सहित कई अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *