अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान को लेकर पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 22 सितंबर को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और ट्रेनों में सघन साफ-सफाई के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बताया जाता है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोनपुर रेल मंडल के सात प्रमुख स्टेशनों यथा सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया में विशेष सफाई दल लगाए गए। इन स्टेशनों पर शौचालयों, पेयजल बूथों, नालियों और पूरे स्टेशन परिसर की गहन सफाई कराई गई, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और स्वस्थ परिसर मिल सके।
इसी क्रम में रेल मंडल की आठ रेलवे कॉलोनियों यथा सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, गढ़हारा, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया के कार्यालयों एवं आवासीय परिसरों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों को कागज का कम उपयोग करने, डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने और स्वच्छ कार्यालय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा सोनपुर रेल मंडल से संचालित होने वाली नामित ट्रेनों की भी सघन साफ-सफाई सुनिश्चित की गई, जिससे यात्रियों को बेहतर और स्वच्छ यात्रा अनुभव मिल सके। रेल मंडल के सभी कार्यालयों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सोनपुर मंडल रेल प्रशासन ने आम रहिवासियों और रेल यात्रियों से स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी के संकल्प को जन भागीदारी से सफल बनाने और रेल परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply