युवाओं को सही मार्गदर्शन और झारखंड में शराबबंदी की उठी मांग
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। नव भारत जागृति केंद्र बोकारो में 30 जून को लोकसमिति का 49वां स्थापना दिवस बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एक विशेष सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड, बिहार और ओडिशा के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोकसमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरजा सतीश द्वारा झंडोत्तोलन और भारत रत्न जयप्रकाश नारायण के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरजा सतीश ने देश की वर्तमान परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि
आज भारतीय युवाओं में असंतोष, बेरोजगारी, परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं और नशाखोरी तेजी से बढ़ रही है। सांप्रदायिक और जातिवादी भावनाओं के दुष्प्रभाव से युवाओं को बचाने के लिए उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत है।
लोकसमिति को इस दिशा में सक्रिय रूप से काम करना होगा। उन्होंने आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का लाभ सभी बीमारियों के लिए सुलभ कराने और प्राइवेट स्कूलों की सीबीएसई या राज्य बोर्ड से संबद्धता की शर्तों को आसान बनाने की मांग की। उन्होंने बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी पूर्ण शराब बंदी कानून लागू करने की वकालत की। इस दौरान झारखंड प्रदेश संयोजक शंकर राणा ने संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान चलाने, युवाओं को जोड़ने और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां सौंपने का प्रस्ताव रखा। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार श्रीनिवास ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं सभी के लिए सुलभ होनी चाहिए।
सरकारी स्कूलों और अस्पतालों में ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने समाज में बढ़ते जातिवाद और धार्मिक आघात को आज की सबसे बड़ी चुनौती बताया। सम्मेलन में लोकसमिति के कौशल गणेश आजाद, सदन सिंह, गौतम सागर, हसमत रब्बानी, पुतुल कुमारी, मथुरा सिंह, अंगूरा महतो, पुष्पा कुमारी, विनोद शर्मा, लालदेव चौधरी, राजीव रंजन, डॉ किरण, मदन साव, कुंती बहन, मीणा देवी, वजीर अहमद सहित भारी संख्या में लोकसमिति कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शंकर राणा तथा शिवजी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
![]()













Leave a Reply