Advertisement

लगातार बारिश के बीच सड़कों पर उतरे डीसी ने जलजमाव व् सुविधाओं का लिया जायजा

बीएसएल अधिकारियों को कार्रवाई के साथ स्थायी समाधान करने का दिया निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 2 सितंबर को बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न शहरी क्षेत्रों का निरीक्षण किया। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में उत्पन्न जल जमाव, जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क की स्थिति तथा आम रहिवासियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का उन्होंने स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान डीसी ने शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश के पानी की निकासी की स्थिति को देखा। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि किन क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या अधिक गंभीर है और किन स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित बीएसएल अधिकारियों से संवेदनशील एवं जल जमाव वाले क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के संबंध में निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीसी ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान जल जमाव के कारण आम जनों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई, जल निकासी के मार्ग को अवरुद्ध होने से बचाने तथा जरूरत के अनुसार तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

बताया जाता है कि निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सड़कों की स्थिति और साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी, कीचड़ अथवा अन्य समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने जन सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने बीएसएल के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का केवल अस्थायी समाधान न किया जाए, बल्कि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने जल निकासी से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों का उद्देश्य है कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी आम रहिवासियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना जरूरी है। उपायुक्त के शहर भ्रमण और स्थल निरीक्षण से बारिश के दौरान जन सुविधाओं को लेकर प्रशासन की सक्रियता भी सामने आई। उन्होंने अधिकारियों को मौके की स्थिति के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने और आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *