रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने 12 सितंबर को जिले के शहरी एवं बेरमो क्षेत्र में थाना स्तर पर दर्ज महत्वपूर्ण एवं लंबित कांडों की समीक्षा की। इस दौरान डीएसपी सिटी, एसडीपीओ बेरमो तथा बेरमो एवं शहरी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान एसपी ने प्रत्येक लंबित कांड में अनुसंधान की प्रगति, लंबित बिंदुओं, साक्ष्य संकलन तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने थाना प्रभारियों एवं अनुसंधान पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अनुसंधान में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।

एसपी नाथू सिंह मीणा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कांड के अनुसंधान में लापरवाही या अनावश्यक विलंब कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पदाधिकारी मामलों की गंभीरता को समझते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अनुसंधान के दौरान सभी आवश्यक साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं प्रभावी तरीके से संकलन किया जाए, ताकि दोषियों के विरुद्ध मजबूत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि महत्वपूर्ण एवं लंबित कांडों की नियमित समीक्षा करते हुए जिन मामलों में कार्रवाई लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लंबित एवं महत्वपूर्ण कांडों की वर्तमान स्थिति से एसपी को अवगत कराया। एसपी ने सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
![]()













Leave a Reply