बीडीओ व् सीओ द्वारा पोषण के महत्व व् महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर जोर
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के अंतर्गत 26 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में भव्य व्यंजन प्रदर्शनी एवं गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार तथा कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी और अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार विभिन्न व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। व्यंजन प्रदर्शनी के माध्यम से आमजनों को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। वहीं, गोद भराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को उचित खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
मौके पर बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महिलाओं और बच्चों का सुपोषित होना बेहद जरूरी है। कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह का उद्देश्य आमजनों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना और कुपोषण को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पोषण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक जागरूक जन की सहभागिता जरूरी है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल कर परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने आमजनों से पोषण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी के जरिए रहिवासियों को संतुलित आहार की जानकारी दी गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल, उचित खानपान तथा पोषण के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वस्थ परिवार और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया है।
![]()













Leave a Reply