Advertisement

मिडिल स्कूल दांतू में मना शिक्षक दिवस, केक काटकर शिक्षकों को दी गयी शुभकामनाएं

बीडीओ, मुखिया व पंचायत समिति सदस्य की उपस्थिति से छात्रों में दिखा उत्साह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मिडिल स्कूल दांतू में शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कसमार बीडीओ नम्रता जोशी, पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर नायक, पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका एवं छात्र-छात्रा शामिल हुए। सभी ने मिलकर केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां मनाईं और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कसमार बीडीओ नम्रता जोशी ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कहा कि एक शिक्षक अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से बच्चों को सही और गलत के बीच अंतर समझाते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में माता-पिता के बाद शिक्षक का स्थान बेहद महत्वपूर्ण होता है।

शिक्षक बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने का काम करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षक सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करते हैं, जो सराहनीय है।

बीडीओ ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने शिक्षकों का हमेशा सम्मान करें और उनकी बताई अच्छी बातों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि अच्छा इंसान बनना, अनुशासन में रहना, दूसरों का सम्मान करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक और समाज को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे मेहनत और लगन से प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

मुखिया चंद्रशेखर नायक ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक दिवस शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय का नाम रोशन करने की अपील की। पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उन्हें संस्कार और जीवन के सही मूल्यों से भी परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षक, अभिभावक और समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, छात्र-छात्रा एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *