Advertisement

मानेसर मजदूर आंदोलन में गिरफ्तार मजदूर के परिजनों से मिला खेग्रामस-माले टीम

रिहा होकर समस्तीपुर पहुंचने पर खेग्रामस-माले करेगी मो. शाहीद को सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। हरियाणा के मानेसर गुरूग्राम के चर्चित मजदूर आंदोलन में गिरफ्तार समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड 39 रहिवासी 23 वर्षीय मजदूर मो. शाहीद के घर पहुंचकर खेग्रामस- माले टीम ने 26 अप्रैल को परिजनों एवं ग्रामीणों से भेंट की। परिजनों एवं ग्रामीणों से मिलकर जांच-पड़ताल की एवं जेल में बंद मजदूर को खेग्रामस-माले-ऐक्टू दिल्ली टीम से पहल कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

खेग्रामस समस्तीपुर जिला सचिव जीबछ पासवान के नेतृत्व में भाकपा माले के जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह तथा खेग्रामस जिलाध्यक्ष उपेंद्र राय ने बताया कि मानेसर में निजी कंपनी द्वारा 12 घंटे ओभरटाईम काम कराने एवं तय मजदूरी से कम मजदूरी देने के खिलाफ हाल ही में चर्चित आंदोलन हुआ था। आंदोलन पर सरकारी सह पर पुलिसिया कारवाई की गयी और दर्जनों मजदूर को गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया। उसमें समस्तीपुर के मोहनपुर रहिवासी मजदूर मो. शाहीद भी शामिल है।

माले टीम को मोहनपुर के ग्रामीणों उपेंद्र कुशवाहा, मो. नूर, शाजिया खातुन आदि ने बताया कि शाहीद बड़ी बहन की शादी एवं मकान बनाने के उद्देश्य से मानेसर कमाने गया था। वह स्पोर्ट्स कंपनी आईएमटी मानेसर, कंपनी कोड संख्या 407 गुरूग्राम-हरियाणा में सिलाई का काम करता था। ग्रामीणों ने बताया की वह अच्छा स्वभाव का युवा है। उस पर कोई केस-मुकदमा भी नहीं है। वह लंद-फंद में नहीं रहता है।
बेटे की गिरफ्तारी पर रोते-बिलखते शाहीद की बूढ़ी मां रिजवाना खातुन, बूढ़े पिता मो. यूसुफ एवं उनकी दो बहन एवं एक भाई के सामने भूखमरी की स्थिति है। शाहीद की कमाई से ही पूरा परिवार का भरण-पोषण होता था।

टीम ने पीड़ित मजदूर के परिजनों को दिल्ली खेग्रामस-माले-ऐक्टू से पहल कराकर कानूनी एवं आर्थिक सहायता करने एवं पीड़ित मजदूर को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही रिहाई के बाद समस्तीपुर आने पर मजदूरों के नेता मो. शाहीद को सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन, राजनीतिक संगठनों एवं दलों से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *