Advertisement

बोकारो की बेटी श्वेताश्री ने अमेरिका में पीएचडी कर झारखंड का बढ़ाया मान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के जिस कुम्हारडीह गांव में कभी बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी सपना थीं, उसी गांव की बेटी श्वेताश्री ने अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से पीएचडी हासिल कर झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर रोशन किया है। उन्होंने बीते 17 मई को यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनायस अर्बाना से डॉक्टरेट की डिग्री प्राप्त की। उनकी उपलब्धि से गांव और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

जानकारी के अनुसार श्वेताश्री भगवान बिरसा जैविक उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ ओम प्रकाश साहू और लीलावती साहू की पुत्री हैं। वह परिवार और क्षेत्र की पहली बेटी हैं, जिन्होंने डॉक्टरेट की उपलब्धि हासिल की। उन्होंने महज चार वर्षों में पीएचडी पूरी की। उनका शोध मॉलिक्यूलर मैकेजिज्म ऑफ KRAS4B सिग्नलिंग पर केंद्रित रहा, जिसमें कैंसर से जुड़े कोशिकीय संकेतों का अध्ययन किया गया।

बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए माता-पिता गांव छोड़कर झारखंड की राजधानी रांची के बूटी मोड़ में आ बसे। श्वेताश्री की प्रारंभिक शिक्षा सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने बीआइटी मेसरा से बायोटेक्नोलॉजी में स्नातक कर गोल्ड मेडल हासिल किया। छात्रवृत्ति पर टेक्सास एएंडएम यूनिवर्सिटी से मास्टर्स किया और यूनिवर्सिटी टॉपर रही।
श्वेताश्री सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और दादा-दादी को देती हैं। उनका लक्ष्य फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में काम कर कैंसर की सस्ती और सुलभ दवाएं विकसित करना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *