समारोह में विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। कोल इंडिया की अनुशंगी इकाई सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा आयोजित 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का 25 सितंबर को पुरस्कार वितरण के साथ समापन किया गया।
जानकारी के अनुसार चार दिवसीय जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड की राजधानी रांची के सीसीएल मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर संगम सभागार में भव्य एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
समापन समारोह का शुभारंभ सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, खान सुरक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्व) के उप-महानिदेशक डॉ श्याम सुंदर प्रसाद, उप-महानिदेशक, खान सुरक्षा निदेशालय (मध्य क्षेत्र) मनीष चंद्र जायसवाल, सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, निदेशक खान सुरक्षा कोडरमा प्रक्षेत्र श्याम मिश्रा, निदेशक खान सुरक्षा चाईबासा प्रक्षेत्र योहाना येजरला तथा मुख्य निर्णायक एवं निदेशक खान सुरक्षा रांची प्रक्षेत्र अजीत कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
समारोह में केंद्रीय विद्यालय राजेंद्र नगर रांची के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं नाटक की प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की। प्रारंभ में सीसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) विनोद कुमार ने मुख्य निर्णायक, प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले निर्णायकगण तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार समापन समारोह में मुख्य अतिथि उप-महानिदेशक, खान सुरक्षा निदेशालय (दक्षिण-पूर्व) डॉ श्याम सुंदर प्रसाद ने प्रतियोगिता में सीसीएल की विभिन्न टीमों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खान बचाव सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए नई तकनीकों को बचाव कार्यों में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही, आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सीसीएल को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अध्यक्षता कर रहे सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों के समर्पण, कड़ी मेहनत एवं टीम भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खान बचाव कर्मियों का साहस, समर्पण एवं तत्परता खनन उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता के भव्य एवं सफल आयोजन के लिए सीसीएल की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। टीम ने रेस्क्यू एंड रिकवरी तथा रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त क्षेत्र की टीम ने ओवरआल में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम ने रेस्क्यू एंड रिकवरी में तृतीय, जबकि फर्स्ट ऐड प्रैक्टिकल तथा स्टेच्युटरी में द्वितीय स्थान हासिल किया। अरगडा क्षेत्र की टीम ने ओवरआल में तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा ऑनलाइन थ्योरी एग्जामिनेशन में द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के व्यक्तिगत श्रेणी में आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त टीम के नदीम रहमान आलम को ओवरआल बेस्ट कैप्टन तथा अरगडा टीम के सच्चिदानंद कुमार को सेकंड बेस्ट कप्तान का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी क्रम में कुजू टीम के हितेश झा को बेस्ट मेंबर तथा बरका-सयाल टीम के मनीष कुमार सिंह को सेकंड बेस्ट मेंबर के पुरस्कार से नवाजा गया।
मुख्यालय जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की खान बचाव टीमों ने विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक स्पर्धाओं में अपने कौशल, साहस, त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना एवं बचाव कार्यों में दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने खान बचावकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं समन्वित बचाव कार्यों के लिए उनकी तैयारियों को भी मजबूत किया।
कार्यक्रम के अंत में खान बचाव केंद्र रामगढ़ के अधीक्षक अमरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकगण, प्रतिभागियों, आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी गणमान्य जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी के साथ सीसीएल की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया।
![]()













Leave a Reply