खेल प्रतिभा द्वारा संडेज ऑन साइकिल रैली से स्वस्थ समाज व् राष्ट्रीय एकता का संदेश
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हॉकी के जादूगर और भारतीय खेल जगत के महानायक मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में राष्ट्रीय खेल दिवस की धूम पीएमश्री एसएस +2 उच्च विद्यालय कसमार में देखने को मिली।
बीते 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जबकि 30 अगस्त को संडेज ऑन साइकिल कार्यक्रम के तहत कसमार से मंजूरा और फिर मंजूरा से कसमार तक साइकिल रैली निकालकर खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन, एकता और देश प्रेम का जोरदार संदेश दिया गया।
दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर खेल भावना, उमंग और ऊर्जा से सराबोर रहा।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रार्थना सभा में विद्यालय परिवार ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अद्भुत खेल कौशल, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फारुक अंसारी ने कहा कि मेजर ध्यानचंद केवल एक महान हॉकी खिलाड़ी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। खेल हमें अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और टीम भावना सिखाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित खेल और व्यायाम से शरीर स्वस्थ रहने के साथ आत्मविश्वास एवं मानसिक क्षमता का भी विकास होता है।
शिक्षक महाकांत झा, अशोक कुमार रजवार, प्रशांत कुमार ओझा आदि ने भी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना पैदा करने को लेकर खेल को बढ़ावा देने पर बल दिया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने खेल शपथ लेकर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित अंतर्सदन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्णरेखा सदन और शंख सदन के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। स्वर्णरेखा सदन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए शंख सदन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में दामोदर सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब हासिल किया।
खेल दिवस पर आयोजित 400 मीटर बालिका वर्ग में स्वर्णरेखा सदन की ऊषा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। दामोदर सदन की साहिना द्वितीय तथा अनीषा तृतीय स्थान पर रही। वहीं 800 मीटर बालक वर्ग में स्वर्णरेखा सदन के महिष कपरदार ने बाजी मारी और प्रथम स्थान प्राप्त किया। शंख सदन के विकाश कुमार महतो ने द्वितीय तथा इसी सदन के प्रेम कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। साथी छात्रों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को संडेज ऑन साइकिल कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिवार ने कसमार-मजूरा-कसमार साइकिल रैली निकाली। रैली के माध्यम से आम जनों एवं विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। रैली में प्राचार्य फारुक अंसारी, डॉ रणजीत कुमार झा, अशोक कुमार रजवार, धनंजय कुमार, अमित कुमार, प्रशांत कुमार ओझा, खुर्शीद रज़ा, सन्नी शरण, कुमार राजेश, सुदीप कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिका एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामबाबू शुक्ल ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। साइकिल रैली जैसे कार्यक्रम समाज को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। विद्यार्थियों को मोबाइल और अन्य डिजिटल गतिविधियों के साथ-साथ मैदान में भी समय देना चाहिए। खेल जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करता है। सीआरपी विजय कुमार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है। बच्चों को बचपन से ही खेल के प्रति प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
कैलाश कुमार ने कहा कि सामूहिक साइकिल यात्रा स्वास्थ्य के साथ सामाजिक एकता का भी संदेश देती है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। परमेश्वर बेसरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की भरमार है। खेलों के माध्यम से उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलना चाहिए। डॉ जितेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में खेल और नियमित व्यायाम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
खेल से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से शक्ति और शक्ति से मजबूत राष्ट्र पीएमश्री विद्यालय कसमार के इस दो दिवसीय आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश भी दिया। मेजर ध्यानचंद की स्मृति को नमन करते हुए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं और संडेज ऑन साइकिल रैली ने यह संदेश दिया कि मैदान में पसीना बहाने वाला युवा ही स्वस्थ, अनुशासित और मजबूत भारत की नींव रख सकता है।
![]()













Leave a Reply