Advertisement

नशा कारोबार के हॉटस्पॉट चिन्हित कर जियो-टैग रिपोर्ट दें-डीएम

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने जिले में नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए हॉटस्पॉट चिन्हित कर एक सप्ताह में जियो-टैग लोकेशन के साथ रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में 29 सितंबर को जिला स्तरीय एनकॉर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्रीवास्तव ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े संभावित ठिकानों को चिन्हित करें। इसमें पैडलर्स की सक्रियता वाले स्थान, सुनसान इलाके, मंदिरों के आसपास, चौक-चौराहे और अन्य संदिग्ध स्थल शामिल होंगे। उन्होंने इस कार्य में पीडीएस डीलरों और जीविका दीदियों को भी जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर सूचना संकलन और संदिग्ध स्थानों की पहचान की जा सके।

डीएम ने नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन तोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रेलवे थाना और जीआरपी के साथ समन्वय बैठक कर रेल मार्ग से होने वाली संभावित आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। बैठक में सिविल सर्जन को जिले में नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि पूर्व में अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र के लिए स्थान चिन्हित करने और काउंसलिंग व इलाज के लिए समर्पित चिकित्सक की तैनाती के निर्देश दिए गए थे, उसे शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही जिले में चल रहे बिना लाइसेंस वाले नशा मुक्ति केंद्रों का स्वास्थ्य विभाग से सर्वे और सत्यापन कराने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सारण रोशन कुमार ने स्पिरिट और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त कारोबारियों का डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें कारोबारियों का नाम-पता, मोबाइल नंबर और फोटो एल्बम तैयार करने के साथ-साथ उनके गोदामों का सत्यापन भी किया जाएगा। कहा कि कूरियर एजेंसियों के माध्यम से ड्रग्स आपूर्ति की आशंका को देखते हुए उनके गोदामों की भी जांच होगी।

एसपी ने कहा कि सूचना संकलन सबसे महत्वपूर्ण है और पोर्टल से प्राप्त इनपुट पर नियमित कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों के 500 मीटर के दायरे में गांजा, स्मैक, ड्रग्स की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अलावा मद्य निषेध मामलों में जब्त शराब के विनष्टीकरण की प्रक्रिया को न्यायालय से अनुमति लेकर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में पटना से आए नारकोटिक्स और इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण इनपुट साझा किए। बैठक में सभी संबंधित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *