Advertisement

धूमधाम से मनाया गया सर्वेश्वरी समूह बोकारो शाखा द्वारा 66वां स्थापना दिवस

समूह द्वारा फुसरो, कथारा, गोमिया व् करगली में विभिन्न सेवा कार्य का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सर्वेश्वरी समूह बोकारो शाखा द्वारा बीते 21 सितंबर को 66वां स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं सेवा भावना के साथ मनाया गया। समूह के बोकारो शाखा के तत्वावधान में जिला के हद में फुसरो, कथारा, गोमिया एवं करगली क्षेत्र में समूह के 19 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक कार्य आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में समूह के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जानकारी देते हुए 22 सितंबर को समूह के सर्वेश्वरी समूह के बोकारो जिला प्रचार मंत्री कामोद प्रसाद ने बताया कि सर्वेश्वरी समूह स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा कार्यों के तहत सीसीएल के सेंट्रल हॉस्पिटल ढोरी, रीजनल अस्पताल करगली, क्षेत्रीय हॉस्पिटल कथारा, माहेर अनाथालय गोमिया तथा अनुमंडल अस्पताल गोमिया में पहुंचकर मरीजों, बच्चों एवं जरूरतमंदों के बीच फल, बिस्किट, हॉर्लिक्स सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। मौके पर समूह के सदस्यों ने इलाजरत मरीजों एवं जरूरतमंदों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

ज्ञात हो कि, सर्वेश्वरी समूह की स्थापना 21 सितंबर 1961 को की गयी थी। संस्था अपने स्थापना काल से ही आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ मानव सेवा, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा समाज में सद्भाव और सकारात्मक सोच के प्रसार के लिए विभिन्न सेवा कार्य करती रही है। समूह का मानना है कि मानव सेवा ही समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समूह के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव रामजी के मार्ग दर्शन एवं संदेशों से प्रेरित होकर संस्था के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। बाबाजी अपने संदेशों में मानव जीवन में सेवा, सदाचार, संवेदनशीलता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी को विशेष महत्व देते हैं। उनका संदेश है कि इंसान को परिस्थितियों के अनुसार साधु और सैनिक दोनों के कर्तव्यों को समझना चाहिए। अर्थात जहां मानवता, प्रेम और सेवा की आवश्यकता हो वहां साधु की भावना तथा समाज और राष्ट्र की रक्षा एवं जिम्मेदारी के समय सैनिक जैसी दृढ़ता आवश्यक है।

स्थापना दिवस के अवसर पर बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम के इन्हीं सेवा एवं मानव कल्याण से जुड़े संदेशों को स्मरण करते हुए समूह के सदस्यों ने जनसेवा को प्राथमिकता दी। जनसेवा कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल विचारों से नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और अपने दायित्वों के निर्वहन से आता है।

कामोद ने कहा कि सर्वेश्वरी समूह बोकारो शाखा द्वारा आयोजित 19 सूत्री कार्यक्रम का उद्देश्य स्थापना दिवस को केवल आध्यात्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए समाज के जरूरतमंदो तक सेवा पहुंचाना है। इसी क्रम में विभिन्न अस्पतालों एवं अनाथालय में खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। सेवा कार्य के दौरान समूह के सदस्यों ने जरूरतमंदों के बीच समय बिताया और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

बोकारो शाखा के तत्वावधान में फुसरो, कथारा, गोमिया एवं करगली क्षेत्र में आयोजित इन सेवा कार्यक्रमों से स्थापना दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। समूह के सदस्यों ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संस्था की स्थापना की स्मृति का दिन नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने और मानव सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। इस अवसर पर सेवा, सफाई, खाद्य सामग्री वितरण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में शामिल सदस्यों ने एकजुट होकर समूह के सेवा, सद्भाव एवं मानव कल्याण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया। सेवा अभियान के माध्यम से 66वें स्थापना दिवस को मानव सेवा और सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया।

मौके पर समूह के प्रचार मंत्री कमोद प्रसाद, संयुक्त मंत्री रास बिहारी ठाकुर, प्रदीप कुमार राज, आर के सिंह, जुगल किशोर सोनी, हरेन्द्र पांडेय, रामेश्वर चौधरी, दीपक रंजन, हेमलाल यादव, चंदन बहादुर, आदित्य कुमार, बिनोद कुमार यादव, संजय यादव, मनीष अंबष्ट, कन्हैया राम, चेतलाल महतो, महेंद्र सिंह, राम सागर सिंह, भाजपा नेत्री अर्चना सिंह, श्रमिक नेता विकास सिंह, अस्पताल कर्मी राजेश मिश्रा आदि शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *