Advertisement

डीएवी ढोरी में सीसीएल विद्यासारथी योजना अंतर्गत कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में सीसीएल विद्यासारथी योजना के अंतर्गत मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष कोचिंग कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ 26 सितंबर को किया गया।

जानकारी के अनुसार प्रत्येक शनिवार (दोपहर बाद) एवं रविवार को संचालित होने वाली इन कक्षाओं का उद्घाटन सीसीएल ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक सह चेयरमैन एलएमसी डीएवी ढोरी राजीव कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रबंधक एचआर सुरेश सिंह, सहायक प्रबंधक (सीएसआर) संजीत कुमार सिंह, झब्बू सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज फुसरो की प्राचार्या डॉ रेनू मिश्रा तथा पीजीटी सुनीता कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ना और शिक्षा ग्रहण करना दो अलग-अलग बातें हैं। शिक्षा वो है जिसे हम अपने जीवन में आत्मसात करें, अपने व्यवहार में उतारें और जिसके माध्यम से मानवीय मूल्यों का विकास हो। उन्होंने कहा कि सीसीएल की सीएसआर के इस पहल के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को भी महानगरों के विद्यार्थियों के समान गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि वे समय-समय पर इन कक्षाओं में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करते रहेंगे।

विद्यालय के प्रभारी वरिष्ठ शिक्षक एम.के. त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा सीसीएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना सुदुर ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक पी.के. सहाय, डॉ शिवेन्दु कुमार, डॉ एस.बी. नारायण, राजीव रंजन, शिक्षिका यू पी साहनी, शगुफ्ता अख्तर, सोनिया सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं छात्र उपस्थित थे। सभी ने सीसीएल की इस सराहनीय पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि मेडिकल एवं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष कोचिंग कक्षाएँ प्रत्येक शनिवार (दोपहर बाद) तथा रविवार को नियमित रूप से संचालित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर प्राप्त होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *