एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में 26 सितंबर को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की महत्वाकांक्षी सीएसआर पहल सीसीएल विद्या सारथी कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम सीसीएल कमांड एरिया के विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी हेतु नि:शुल्क तथा गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
समारोह के प्रारंभ में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन व स्वागत किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देते हुए सभी मंचासीन अतिथियों को विद्यालय द्वारा हरित पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर दीप प्रज्वलन के पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला शुरू की गयी। सर्वप्रथम डीएवी गान तथा सीसीएल गान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी को आनंदित कर दिया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। साथ हीं उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना या परीक्षा में अंक लाना नहीं, बल्कि सुदृढ़ चरित्र और उच्च नैतिक मूल्यों का निर्माण करना है। कहा कि जब हम जीवन में अनुशासन, सत्यनिष्ठा और समय के महत्व को समझते हैं, तभी सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। परिस्थितियों से डरे बिना निरंतर प्रयास करना ही एक सच्चे विद्यार्थी की पहचान है। आप सभी विद्यार्थी निष्ठा और ईमानदारी से मेहनत करें, सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी।
उन्होंने विस्तार से विद्या सारथी के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि यह अपने भविष्य को संवारने का स्वर्णिम अवसर है। आप इस अवसर का शत प्रतिशत लाभ उठाएं। मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के जीएम ऑपरेशन विनोद कुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी की सफलता की कामना की।
उन्होंने कहा कि सीसीएल विद्या सारथी योजना क्षेत्र के ग्रामीण व होनहार बच्चों के सपनो को नए पंख देने का सराहनीय प्रयास है। उनकी हार्दिक इच्छा और कामना है कि इस कोचिंग कार्यक्रम से जुड़कर यहाँ के सभी छात्र-छात्रा लगन से पढ़ाई करें और आगामी सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफल होकर अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएसआर के नोडल ऑफिसर तबरेज आलम, सीएसआर क्षेत्रीय पदाधिकारी अनुराग कुमार, महाप्रबंधक के तकनीकी सहायक राहुल कुमार सिंह, डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी स्वांग के वरिष्ठ शिक्षक निर्मल बेहुरा, एनसीएसएम के समन्वयक शुभोजीत गुप्ता, विद्या सारथी के रसायन शास्त्र के शिक्षक रविंद्र महतो एवं गणित के शिक्षक विजय कुमार (आईआईटी भिलाई के पूर्व छात्र) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के अंतिम चरण में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र दुबे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में वैदिक शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का सफलता पूर्वक विधिवत समापन किया गया।
पूरे कार्यक्रम को सुचारू, सुव्यवस्थित और सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, टी. एम. पाठक, राकेश रंजन, बी. के. दसौंधी, आराधना, ओशीन, सुमन कुमारी, पुष्पांजलि राव, ममता पात्रा, अर्शिया एजाज, मधुमल्लिका उपाध्याय, पुष्पांजलि राव, अमरनाथ यादव, विमलेश कुमार, आलोक कुमार सिंह, सुधांशु यादव, संगीत कुमार, अश्विनी कुमार, रीति कुमारी, रिया सिन्हा, विकास कुमार सिंह, चंद्रकांत साहू, संदीप मेहता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply