Advertisement

झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम से महिला उद्यमिता को मिलेगा नया आयाम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर वन स्थित स्टर्लिंग सिटी सेंटर सभागार में 25 सितंबर को झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम के तहत लॉन्च कार्यक्रम-सह-वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, उनके व्यवसाय का विस्तार करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को योजना की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि महिलाएं अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और स्वयं सहायता समूह आर्थिक सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने उद्यम को व्यवसाय की तरह संचालित करने और बाजार की मांग के अनुरूप नए व्यवसाय शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यवसाय में ऐसी संभावनाएं तलाशनी चाहिए, जिन्हें बड़े स्तर पर विकसित किया जा सके।

उपायुक्त ने बोकारो से कम से कम 200 गुणवत्तापूर्ण आवेदन तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया। कहा कि चयनित उद्यमियों के अलावा अन्य इच्छुक महिलाओं को भी बैंक, नाबार्ड और वित्तीय संस्थानों के सहयोग से उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि कार्यक्रम के तहत महिला नेतृत्व एवं महिला स्वामित्व वाले उद्यमों को अनुदान, ब्याज मुक्त सॉफ्ट लोन, मेंटरिंग और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका बताई। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जेएसएलपीएस डीपीएम अनिल डुंगडुंग समेत दर्जनों पदाधिकारी और सौ से अधिक महिलाएं उपस्थित थी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *