Advertisement

जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस को लेकर चिन्मय विद्यालय में विशेष असेंबली

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सितंबर का महीना शुरू होते ही बोकारो जिले के विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और शिक्षक दिवस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में चिन्मय विद्यालय बोकारो में एक सितंबर को जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विशेष असेंबली का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण से जुड़े भजन, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में गुरु वंदना से की गयी। इसके बाद सचिव महेश त्रिपाठी, प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, उप प्राचार्य डॉ रोशन शर्मा, मिडिल विंग शैक्षणिक पर्यवेक्षक रश्मि सिंह एवं सभी शिक्षकों ने गुरुदेव और देश के भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण का मधुर भजन प्रस्तुत करने के बाद शिक्षकों को समर्पित विशेष गीत पेश किया।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाए ग्रीटिंग कार्ड शिक्षकों को भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पर आधारित नाट्य मंचन ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को भावुक कर दिया। मौके पर विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी ने सभी को जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों अवसरों को एक साथ मनाना विशेष महत्व रखता है। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को जगतगुरु माना जाता है। उन्होंने भगवद्गीता के माध्यम से जीवन के विभिन्न प्रश्नों और परिस्थितियों का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *