Advertisement

कसमार के पांच सहायक अध्यापकों को मिला सहायक आचार्य नियुक्ति पत्र

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पांच सहायक अध्यापकों (पूर्व पारा शिक्षकों) को इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे इन शिक्षकों के स्थायीकरण और नए संवर्ग में शामिल होने से कसमार प्रखंड के शिक्षा विभाग एवं शिक्षक समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार समारोह में कसमार प्रखंड से चयनित एनपीएस सुरजुडीह, सुईयाडीह के टेबुल राम महतो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिलीसाड़म (सोनपुरा) के अमित किशोर, मध्य विद्यालय मुरहुलसूदी के नरेश कुमार महतो, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मधुकरपुर के चंद्र किशोर कुमार तथा क्षेत्रनाद प्लस टू हरनाद के शशि भूषण पांडेय को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र सौंपा गया। सभी शिक्षक लंबे समय से सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत थे और अब सहायक आचार्य के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियां निभाएंगे।

बताया जाता है कि नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद सभी शिक्षकों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लंबे संघर्ष, धैर्य और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ वे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करेंगे।

सहायक आचार्य टेबुल राम महतो ने 29 जून को भेंट में कहा कि वर्षों से शिक्षा सेवा में कार्य करते हुए स्थायी नियुक्ति का इंतजार था। आज यह सपना पूरा हुआ है। सरकार द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए वे आभारी हैं और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। अमित किशोर ने कहा कि यह नियुक्ति केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि उन सभी सहायक अध्यापकों के संघर्ष की जीत है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाए रखी। नरेश कुमार महतो ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से उत्साह और बढ़ गया है। अब पहले से अधिक लगन और जिम्मेदारी के साथ बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य करूंगा।

इस अवसर पर चंद्र किशोर कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा सहायक आचार्य के रूप में नियुक्ति मिलना गौरव का क्षण है। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शशि भूषण पांडेय ने कहा कि यह हमारे जीवन का यादगार दिन है। लंबे इंतजार के बाद मिली यह नियुक्ति हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी ईमानदारी से योगदान देंगे। कसमार प्रखंड के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त सहायक आचार्यों को साधुवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *