अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, कैंसर की समय रहते पहचान और इसके प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 31 अक्टूबर को सारण जिला के हद में सोनपुर में एक विशेष कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में 29 अक्टूबर को सोनपुर स्थित सांसद संपर्क केंद्र में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उपरोक्त जानकारी दी गई।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि इस जनहितकारी शिविर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना की कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ पीतांजलि सिंह, वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ शांति सिंह तथा डॉ रितंभरा गौतम सिंह सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगी। कहा गया कि उपरोक्त के मार्गदर्शन में महिलाओं को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और उचित उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
हिंदुस्तान मानवाधिकार एसोसिएशन के चेयरमैन लगन कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न समीक्षा बैठक का संचालन समाजसेवी राजीव कुमार मुनमुन ने किया। बैठक में शिविर को प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं का स्वास्थ्य पूरे समाज की प्राथमिकता है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
ज्ञात हो कि, यह विशेष शिविर हिंदुस्तान मानवाधिकार एसोसिएशन, वेदिका ब्यूटी पार्लर, हेरिटेज पब्लिक स्कूल, मिशन हाई स्कूल, किंग इंफोटेक जैसी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उक्त समीक्षा बैठक में सोनी सिंह, खुशबू सिंह, राजेश कुमार राज सहित कई गणमान्य तथा विभिन्न मीडिया समूहों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply