अवध किशोर शर्मा/सारण/बिहार। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सोनपुर अंचल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र को स्थानांतरित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया है।
इस संबंध में 26 सितंबर को सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
आयोजित बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सोनपुर अंचल कार्यालय भवन नवनिर्माण के कारण ध्वस्त हो चुका है। इस कारण विकल्प के तौर पर पंचायत सरकार भवन दुधैला में नया मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्र संबंधित क्षेत्र से 16 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए। प्रस्तावित नया स्थल पुराने बूथ से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी पर है और मतदाताओं के लिए अधिक सुलभ है।
बैठक में सभी बिंदुओं पर विचार के बाद उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पर सहमति जताई। इसके बाद जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल को निर्देश दिया कि प्रस्ताव को निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग को स्वीकृति के लिए भेजा जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता (एसी) मुकेश कुमार, कांग्रेस के फिरोज इकबाल, जदयू के प्रभाष शंकर, लोजपा (रा) के मृत्युंजय कुमार, भाकपा माले के अखिलेश कुमार और रालोसपा के डॉ अशोक कुशवाहा उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply