स्वच्छता ही सेवा के तहत मुख्यालय में स्वच्छता शपथ व् जागरूकता रथ को हरी झंडी
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत 21 सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया।
सीसीएल मुख्यालय के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे। साथ ही मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
संकल्प कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इसके पश्चात सभी निदेशकगण एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वच्छता जागरूकता रथ राजधानी रांची के विभिन्न चौक-चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों एवं गली-मोहल्लों में पहुंचकर आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
बताया गया कि इस वर्ष स्वच्छता ही सेवा की थीम स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। विदित हो कि स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ सीसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों में भी विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक रहिवासियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
![]()













Leave a Reply