Advertisement

सीसीएल की सीएसआर पहल; नन्हा सा दिल से 300 बच्चों को मिला नया जीवन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल नन्हा सा दिल के अंतर्गत 300 सफल जन्मजात ह्रदय रोग (कांगेनटल हार्ट डिजीज) सर्जरी पूरी होने के अवसर पर झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस में 26 सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल मुख्यालय स्थित स्पंदन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने लाभान्वित बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की एवं उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

बताया गया कि सीसीएल प्रबंधन ने इस पहल के जरिए अगले वर्ष फरवरी 2027 तक कुल 500 बच्चों के जन्मजात ह्रदय रोग की सर्जरी कराकर उन्हें नया जीवन देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ज्ञात हो कि सर्जरी के पूर्व झारखंड के विभिन्न जिलों में उपरोक्त रोग से पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग, प्राथमिक उपचार, इसके उपरांत प्रभावित बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उनके परिजनों के साथ भेजकर, उनका पूर्णत: नि:शुल्क इलाज कराना एवं सर्जरी के बाद होने वाले देखभाल का पूरा जिम्मा सीसीएल द्वारा ही किया जाता है।

इस दौरान पीड़ित बच्चों के परिजनों ने सीसीएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब उन्होंने अपने बच्चों के जीवित रहने की उम्मीद तक छोड़ दी थी, लेकिन सीसीएल की नन्हा सा दिल पहल ने न केवल उनके बच्चों को नया जीवन दिया, बल्कि पूरे परिवार को भी उम्मीद और खुशी के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया। परिजनों ने कहा कि इस पहल के माध्यम से उनके बच्चों को स्वस्थ जीवन की नई राह मिली है, जिसके लिए वे सीसीएल के सदैव आभारी रहेंगे।

इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के साथ निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी तथा निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा भी उपस्थित रहे। सभी ने लाभार्थी बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं तथा आशीर्वाद दिया।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक वर्ष से 11 वर्ष की आयु के पांच लाभार्थी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को सफल उपचार और स्वस्थ जीवन की नई शुरुआत के लिए गिफ्ट ऑफ लाइफ सर्टिफिकेटस प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीएमडी सिंह ने कहा कि आज हमारे लिए यह सिर्फ 300 सर्जरी पूरी होने का दिवस नहीं है, बल्कि यह 300 नन्हे दिलों की धड़कनों में नई उम्मीद जुड़ने का दिन है। इन बच्चों की मुस्कान और उनके माता-पिता की आंखों में दिख रही खुशी हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जब किसी बच्चे को स्वस्थ जीवन का अवसर मिलता है, तो उसके साथ पूरे परिवार के सपनों को भी एक नई जिंदगी मिलती है। पीड़ित बच्चों के माता-पिता की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सीसीएल अपने आप को भी इस पहल के संचालन के लिए सौभाग्यशाली मानता है।

ज्ञात हो कि, सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कंपनी सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है। कंपनी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न सीएसआर पहलों के माध्यम से जरूरतमंदो तक सहायता पहुंचाई जा रही है। नन्हा सा दिल इसी मानवीय सोच का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसके माध्यम से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की ओर आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *