रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। चिन्मय विद्यालय बोकारो में 25 सितंबर को विद्या भारती बोकारो के नमामि भारतम् अभियान के तहत सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास के तहत कक्षा नौवीं और दसवीं के लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस दौरान विद्यालय के सचिव महेश त्रिपाठी, प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार, उप प्राचार्य डॉ रोशन शर्मा और सरस्वती विद्या मंदिर के आचार्य बिनय कुमार पांडेय समेत शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिका पूजा सिंह ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को आयोजन के उद्देश्य और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। बिनय कुमार पांडेय ने कहा कि विद्या भारती द्वारा देशभर में एक साथ और एक समय पर बड़े समूह के साथ वंदे मातरम गायन का रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम भारत की पहचान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है।
चिन्मय ट्रांसफॉर्मेशन सर्किल के सोहम विश्वास ने वंदे मातरम के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद ठीक 11 बजे सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया। भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के साथ कार्यक्रम संपन्न हो गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार ने आयोजन के लिए विद्या भारती का आभार जताते हुए कहा कि वंदे मातरम भारत की एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है।
![]()













Leave a Reply