Advertisement

राष्ट्रीय बास्केटबॉल में बोकारो के खिलाड़ियों ने बढ़ाया झारखंड का मान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। महाराष्ट्र के पुणे में बीते 27 अक्टूबर से आगामी 3 नवंबर तक आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के खिलाड़ी साहिल और कृष्णा, टीम मैनेजर ईशा तथा कोच किंकर कृष्णा झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार पूल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने ओडिशा को 64-34, असम को 73-13 और पश्चिम बंगाल को 58-44 से हराकर लगातार तीन जीत दर्ज की। वहीं, बालक टीम ने अंडमान एवं निकोबार को 91-15 से पराजित किया और मणिपुर के खिलाफ भी जीत हासिल की। दो जीत के साथ टीम अपने पूल में दूसरे स्थान पर रही।

प्रतिभागियों की इस उपलब्धि पर बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह और सचिव कन्हैया प्रसाद ने खिलाड़ियों, मैनेजर एवं कोच को साधुवाद दी है। उन्होंने पूरी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों में सफलता की अग्रिम शुभकामनाएं दी। बोकारो के प्रतिनिधियों की भागीदारी और झारखंड की बालिका टीम की ऐतिहासिक सफलता से जिले में खेल प्रेमियों के बीच हर्ष का माहौल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *