Advertisement

मधुकरपुर में 200 केवीए नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, ग्रामीणों को राहत

लंबे समय से समस्या के समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहलविनय कपूर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत के नीचे टोला में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 200 केवीए क्षमता वाले नए विद्युत ट्रांसफार्मर का 4 सितंबर को उद्घाटन किया गया। फीता काटकर ट्रांसफार्मर का उद्घाटन मंत्री योगेंद्र प्रसाद के पुत्र विनय कपूर ने किया।

मधुकरपुर निचे टोला में नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की कम क्षमता एवं बार-बार होने वाली विद्युत समस्या के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले की अपेक्षा बेहतर और सुचारु होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मंत्री पुत्र विनय कपूर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिजली आज के समय में प्रत्येक परिवार की मूलभूत जरूरत है। मधुकरपुर नीचे टोला में 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, सड़क, पानी सहित अन्य जन समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि आमजनों की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसका समाधान कराना ही जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां भी विद्युत व्यवस्था को लेकर समस्या सामने आएगी, संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

पंचायत के मुखिया राजेन्द्र प्रसाद महतो ने कहा कि नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से नीचे टोला के ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। लंबे समय से बिजली की समस्या से रहिवासी परेशान थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल हुई है, जिसके लिए मंत्री एवं उनके पुत्र के प्रति ग्रामीण आभार व्यक्त करते हैं। मौके पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ठाकुर, रमेश वर्मा, मिथलेश महतो आदि ने भी संबोधित किया। उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय रहिवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नए ट्रांसफार्मर के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *