Advertisement

बोकारो के 10 विद्यालयों में तंबाकू के दुष्प्रभावों को ले जागरूकता अभियान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार एवं सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन में जिले के 10 विद्यालयों में तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर 28 सितंबर को जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 1834 विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान एवं इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

जानकारी देते हुए जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने बताया कि जिला के हद में प्लस टू हाई स्कूल महाल, मध्य विद्यालय मानपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय उलगड्डा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिजुआ, उच्च विद्यालय लालपुर, मध्य विद्यालय अरालडीह, उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेड़ाबेड़ा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सर्वोवा एवं मध्य विद्यालय तुपरा सहित जिले के 10 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अनीमा, इमरेसिया तिर्की, राजकुमार, दीप्ति नेहा, विद्या रानी, शोभा कुमारी, नीलम रानी एवं नैना ज्योति केरकेट्टा आदि ने विद्यार्थियों को बताया कि तंबाकू में 4,000 से अधिक हानिकारक एवं विषैले तत्व पाए जाते हैं। इसके सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, दांतों की समस्या, अस्थमा, टीबी तथा प्रजनन क्षमता में कमी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के रहिवासियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक जनों को तंबाकू नशा मुक्ति केंद्र सदर अस्पताल बोकारो से संपर्क कर परामर्श एवं आवश्यक सहायता लेने की जानकारी दी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *