Advertisement

पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप से चास में हंगामा, बाइक खराब होने की शिकायत

तेलीडीह मोड़ के भारत पेट्रोलियम पंप का मामला, पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास शहर के तेलीडीह मोड़ के समीप स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर पेट्रोल में पानी मिलने के आरोप के बाद 31 अगस्त को हंगामा मच गया। एक बाइक चालक ने पेट्रोल भराने के बाद उसकी बाइक अचानक बंद होने और बाइक के कुछ हिस्सों में खराबी आने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर पहुंचकर ग्राहक ने अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, चास रहिवासी आशीष ने तेलीडीह मोड़ के स्माइल बांधगोड़ा की ओर फोरलेन किनारे स्थित भारत पेट्रोलियम पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया था। आशीष का कहना है कि पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही वह अपनी बाइक लेकर आगे बढ़े, कुछ दूर जाने के बाद बाइक अचानक बंद हो गई। काफी प्रयास के बावजूद बाइक चालू नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने बाइक को मैकेनिक के पास ले जाकर जांच कराई।

आशीष के मुताबिक, मैकेनिक ने बाइक की जांच के दौरान फिल्टर समेत अन्य हिस्सों में खराबी बताई। जांच के दौरान पेट्रोल में पानी मिले होने की बात भी सामने आने का दावा किया गया। इसके बाद आशीष पेट्रोल पंप पहुंचे और संचालकों के सामने अपनी शिकायत रखी। आशीष का आरोप है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट के कारण ही उनकी बाइक खराब हुई है। उन्होंने मामले की जांच कराने और यदि पेट्रोल में पानी मिलने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारी/कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इधर, मौके पर मौजूद कुछ अन्य वाहन चालकों ने भी पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत की और पेट्रोल पंप संचालकों के प्रति नाराजगी जताई। राहगीरों का कहना था कि यदि पेट्रोल में वास्तव में पानी मिला हुआ है और बड़ी संख्या में ग्राहकों ने वहां से पेट्रोल भरवाया है, तो कई वाहनों के खराब होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों से आरोपों की सच्चाई जानने और उनका पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन संचालकों ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। ऐसे में फिलहाल पेट्रोल में पानी मिलने का आरोप कितना सही है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि जांच में पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत सही पाई जाती है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी/कर्मी के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी? क्या पेट्रोल पंप के पेट्रोल की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी? साथ ही, यदि बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने इसी पंप से पेट्रोल लिया है, तो क्या उनकी गाड़ियों पर भी इसका असर पड़ा है? फिलहाल मामला शिकायत और आरोपों के स्तर पर है। पेट्रोल के नमूने की जांच और संबंधित विभाग की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *