डीपीएस में 27 से 30 दिसंबर तक जुटेंगी देशभर की 600 बालिका खिलाड़ी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। इस्पातनगरी बोकारो में आगामी 27 से 30 दिसंबर तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका) आयोजित होगी। डीपीएस बोकारो में होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की लगभग 600 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता की जानकारी 24 अक्टूबर को डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ ए.एस. गंगवार और एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता में दी।
इस अवसर पर डॉ गंगवार ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। कहा कि खिलाड़ियों के ठहरने और खेलने के लिए विद्यालय परिसर में बेहतर व्यवस्था की जाएगी। गोपाल ठाकुर ने कहा कि एसोसिएशन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर उनके भविष्य को संवारने के लिए लगातार प्रयासरत है। कहा कि आयोजन समिति के अध्यक्ष सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के सहयोग और बोकारो जिला प्रशासन की सहभागिता से प्रतियोगिता को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त हस्तियां तथा भारतीय सीनियर कबड्डी टीम के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति और कबड्डी एसोसिएशन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply