Advertisement

दामोदर नदी पर अम्बाटोला के निकट निर्माणाधीन पुल में अनियमितता का आरोप

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत के अम्बाटोला स्थित दामोदर नदी पर निर्माणाधीन पुल निर्माण कार्य में  अनियमितता का आरोप लगाया गया है।

कथित संवेदक द्वारा अनियमितता एवं गुणवत्ता में पारदर्शिता नहीं दिखाए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद 31 अक्टूबर को भाजपा अंगवाली मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की टीम ने निर्माण-स्थल जाकर कार्य का जायजा लिया। इस दौरान पुल निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, पिलरों की नींव, राफ्ट की ढलाई एवं निर्माण की तकनीकी, गुणवत्ता को लेकर प्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुल के फाउंडेशन की निर्धारित गहराई, सीमेंट, बालू, मेटल के मिश्रण तथा अन्य तकनीकी मानकों का समुचित अनुपालन नहीं किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को हेलमेट, सुरक्षा जूते एवं सेफ्टी बेल्ट जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात भी सामने आई।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि पुल निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यह पुल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के आवागमन एवं भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्माण कार्य है। इसलिए निर्माण की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

मौके पर मुख्य रूप से भाजपा अंगवाली मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ठाकुर, सीताराम मुर्मू, शंकर यादव, श्रीराम हेम्ब्रम, फेनीराम सोरेन (वार्ड सदस्य) सहित अन्य कई ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों सहित उपायुक्त बोकारो का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए निर्माण की तमाम अनियमितताओं की त्वरित जांच-पड़ताल किये जाने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *