Advertisement

तेनुघाट उच्च विद्यालय के पुनः संचालन की कवायद तेज, 15 दिनों में मांगी रिपोर्ट

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित नदी घाटी परियोजना के अंतर्गत संचालित उच्च विद्यालय के पुनः संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों के जनहित में उपयोग को लेकर 29 सितंबर को समाहरणालय में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में उपायुक्त ने उक्त विद्यालय के बंद होने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय की स्थापना की गई थी। ऐसे में इसका बंद होना गंभीर विषय है। उन्होंने विद्यालय भवन का जीर्णोद्धार कराकर पीपीपी मोड पर संचालन की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया। डैम के कार्यपालक अभियंता को जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय कर विद्यालय की उपयोगिता, आसपास के सरकारी उच्च विद्यालयों की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों की संख्या का आकलन कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि यदि विद्यालय का पुनः संचालन व्यावहारिक नहीं पाया जाता है, तो उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में करने की संभावना तलाशी जाए। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, कार्यपालक अभियंता डैम डिविजन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *