रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रखंड के विभिन्न गांवों और ग्रामीण इलाकों में बारिश के कारण सड़कों पर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है।
लगातार बारिश से रहिवासियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका असर पड़ा है। ज्ञात हो कि लगातार बारिश के कारण कसमार प्रखंड के कई कच्चे और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। खैराचातर के डोम टोला में बारिश के दौरान कच्चा मकान गिरने की घटना भी सामने आई है। हादसे में मिथुन डोम के घायल होने की सूचना है। वहीं एक अन्य घर की छत गिरने से भी नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सहायता और मुआवजे की मांग की है।
लगातार बारिश के कारण कसमार प्रखंड की ग्रामीण सड़कों और संपर्क मार्गों पर भी पानी जमा हो गया है। निचले इलाकों में जल जमाव से बीमारी का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों तथा पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों में भी आमजनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में रहने वाले रहिवासियों की परेशानी बढ़ गई है। कई जगह जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहने की आशंका है। ग्रामीणों ने जिला तथा प्रखंड प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, बोकारो जिला प्रशासन ने अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को संभावित खतरे की सूचना देने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय रहिवासियों से नदी, नाला, तालाब और जलजमाव वाले क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा बिजली के तार और जर्जर पेड़ों से दूर रहने की अपील की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कसमार प्रखंड के सभी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर आवश्यक राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply