Advertisement

जेजेए बोकारो जिला इकाई के चुनाव में जिलाध्यक्ष चुने गये समशेर आलम

पत्रकारों की एकजुटता और संगठन की मजबूती हमारी प्राथमिकता-जिलाध्यक्ष

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। पत्रकारों के हितों की रक्षा, आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (बीएसपीएस) से संबद्ध झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) बोकारो जिला इकाई का संगठनात्मक चुनाव 25 अक्टूबर को सर्किट हाउस बोकारो में आयोजित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से जिला इकाई की नई कमिटी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। इस दौरान संगठन की भावी कार्ययोजना, पत्रकारों की समस्याओं और जिला स्तर पर एसोसिएशन की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गयी।

आयोजित विशेष बैठक की अध्यक्षता जेजेए के प्रदेश अध्यक्ष अभय लाभ तथा संचालन अशोक कुमार विश्वकर्मा ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष व् बोकारो जिला प्रभारी सह प्रदेश सचिव मुकेश कुमार सिंह की उपस्थिति में चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई। जिले से जुड़े संगठन के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई कमिटी के गठन पर सहमति जताई।

गठित नई कमिटी में समशेर आलम को जिलाध्यक्ष चुना गया। इतेश्याक अहमद, दीनदयाल शर्मा को उपाध्यक्ष तथा डॉ राजकुमार को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कमेटी में अशोक कुमार विश्वकर्मा और सूरज भारती को सचिव, एसपी सक्सेना को संगठन सचिव, मोहम्मद सिराज को कोषाध्यक्ष तथा शंकर प्रसाद सिन्हा को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया। नई कमिटी के गठन पर उपस्थित सदस्यों ने पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर जेजेए प्रदेश अध्यक्ष अभय लाभ ने कहा कि बोकारो जिला इकाई का चुनाव आपसी एकजुटता और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से कराया गया है। उन्होंने सदस्यों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। जिला प्रभारी सह प्रदेश सचिव मुकेश कुमार सिंह ने भी संगठन के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन का सक्रिय रहना जरूरी है। बैठक में पत्रकारों की समस्याओं, संगठन के विस्तार और जिला इकाई की भावी गतिविधियों पर सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।
नये जिलाध्यक्ष शमशेर आलम ने कहा कि उनकी सोंच बोकारो जिले के अंतिम छोड़ तक जेजेए संगठन का विस्तार करने, पत्रकार हितों की रक्षा करने, सम्मान बनाये रखने सहित संगठन की एकता व् मजबूती बनाये रखना है।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जेजेए की बोकारो जिला इकाई पत्रकारों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी प्रभावी भूमिका निभाए। सदस्यों ने आपसी सहयोग, संवाद और संगठनात्मक अनुशासन के माध्यम से एसोसिएशन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में हरेराम भारती, एसपी सक्सेना, मो. सेराज अंसारी, राजेश सागर, शौकत खान, अमीर आलम, इमरान नजीर, सूरज कुमार तांती, दीनदयाल शर्मा, मनोज कुमार राय, विनीत मुंडा, मुकेश सिंह, अशोक कुमार सहित जेजेए के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। नई जिला कमिटी के गठन को बोकारो में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पत्रकारों की सामूहिक आवाज को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *