Advertisement

काले हीरे के अवैध खेल में सीआईएसएफ बन रही है बड़ी बाधा, कारोबारियों में हड़कंप

एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई, 8.172 टन अवैध कोयला लदा पिकअप जब्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के बेरमो कोयलांचल क्षेत्र में काले हीरे के अवैध कारोबार पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) बड़ी बाधा बन रही है। सीआईएसएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कोयले के कारोबारियों में खलबली है।

जानकारी के अनुसार 19 अक्टूबर को एकबार फिर अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ ने बोकारो जिला के हद में फुसरो के रानीबाग में नाका लगाकर 8.172 टन अवैध कोयला लदा महिंद्रा पिकअप वैन जब्त किया है। यहां सीसीएल के बीएन्डके क्षेत्र से अवैध रूप से टपाए गये कोयला बरामद किया गया है। एमएमडीआर एक्ट कानून के तहत की गई यह 25वीं बड़ी कार्रवाई है।

जानकर बताते है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बावजूद तथाकथित सफेदपोसो के संरक्षण में बेरमो क्षेत्र में काले हीरे का खेल जोरों से चल रहा है। तस्वीरों से साफ है कि किस तरह कोयला माफिया बेखौफ होकर इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। इसपर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशानुसार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार क्षेत्र में डोमिनेशन गश्ती एवं छापामारी अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में बीएंडके एरिया से प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने रानीबाग में नाका लगाकर संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वैन क्रमांक JH09BC/0490 पर लोड 8.172 टन अवैध कोयले को जब्त किया है। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (एमएमडीआर एक्ट) 1957 के तहत मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

ज्ञात हो कि केंद्र सरकार द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर एक्ट के अंतर्गत प्रदत्त नवीन अधिकारों के तहत क्षेत्र में की गई यह 25वीं बड़ी कार्रवाई है। इसके अतिरिक्त खासमहल एरिया से 1.970 टन एवं तारमी कोल डंप एरिया से 1.020 टन अवैध कोयला जब्त कर सीसीएल प्रबंधन के सुपुर्द किया गया। इस प्रावधान के लागू होने के बाद सीआईएसएफ अब अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए अधिकृत है। इससे अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

सीआईएसएफ के अनुसार अवैध कोयला परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। उक्त छापामारी अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट गारा अभिलाष ने की। जबकि अभियान में निरीक्षक एस.आर. सरोज, बी.डी. गुप्ता सहित अन्य सीआईएसएफ की रेड टीम शामिल थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *